Shimla: ठेकेदार और सुपरवाइजर की लापरवाही पड़ी भारी! हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से मजदूर की मौत, FIR दर्ज

punjabkesari.in Sunday, Oct 25, 2026 - 04:11 PM (IST)

रामपुर बुशहर (संतोष): हिमाचल प्रदेश के रामपुर बुशहर में कार्यस्थल पर सुरक्षा नियमों की गंभीर अनदेखी का मामला सामने आया है। अप्पर डकोलर मोड़ के पास 22 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। प्रारंभिक जांच में यह हादसा ठेकेदार और साइट सुपरवाइजर की कथित लापरवाही के कारण होना पाया गया है, जिसके चलते पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार यह घटना अप्पर डकोलर मोड़ स्थित एक बार के समीप नोगली-रामपुर ओल्ड फीडर पर हुई। वहां एक दूरसंचार कंपनी से जुड़ा कार्य चल रहा था। इसी दौरान एक खंभा ऊपर से गुजर रही 22 केवी की चालू हाईटेंशन लाइन से छू गया। करंट लगने से वहां काम कर रहे मजदूर गजाय सिंह (22) निवासी जम्मू-कश्मीर की मौत हो गई। हादसे में एक अन्य व्यक्ति भी बिजली के जोरदार झटके से झुलस गया, जिसे उपचार के लिए महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर खनेरी में भर्ती करवाया गया है।

इस हादसे के बाद विद्युत विभाग के रामपुर-1 अनुभाग में तैनात कनिष्ठ अभियंता मनोज टैगोर ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के अनुसार 22 अक्तूबर को जब लाइन का निरीक्षण किया गया, तो पाया गया कि दूरसंचार कंपनी का खंभा चालू बिजली लाइन को सीधे छू रहा था। जेई ने आरोप लगाया है कि ठेकेदार और साइट सुपरवाइजर ने इस खतरनाक काम को शुरू करने से पहले न तो विद्युत विभाग को कोई पूर्व सूचना दी और न ही सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक बिजली बंद करने की अनुमति ली।

सुरक्षा मानकों की इस कथित अनदेखी ने एक निर्दोष मजदूर की जान ले ली। पुलिस ने जेई की शिकायत के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना रामपुर में ठेकेदार और साइट सुपरवाइजर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि कार्यस्थल पर सुरक्षा के अन्य किन पैमानों की अनदेखी की गई थी।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News