फंदे पर झूली विवाहिता, पुलिस ने सास को हिरासत में लिया

punjabkesari.in Sunday, Mar 18, 2018 - 10:56 PM (IST)

बंगाणा: उपमंडल क्षेत्र के तहत आने वाली धुंधला पंचायत के बैरी हटली गांव में रविवार सुबह एक 28 वर्षीय विवाहिता फंदे पर झूल गई। मृतका की पहचान सुमना देवी निवासी बैरी हटली के रूप में हुई है। इस घटना के पीछे क्या कारण रहे, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। बंगाणा पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। रविवार को बंगाणा क्षेत्र में एक विवाहित महिला के फंदे पर झूलने की सूचना मिलते ही एस.पी. ऊना दिवाकर शर्मा व डी.एस.पी. हैडक्वार्टर अशोक वर्मा भी मौके पर पहुंच गए। इस घटना के संबंध में पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाकर आगामी छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने प्रारम्भिक जांच में मृतका की सास को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

पति गोवा में तो ससुर रहता है इंगलैंड में
प्राप्त जानकारी के मुताबिक उक्त महिला का पति गोवा में रहता है तथा ससुर इंगलैंड में रहता है। घर में दोनों सास, बहू समेत 2 बच्चे रहते थे। पुलिस के मुताबिक सुमना देवी रविवार सुबह जब अपने कमरे से काफी देर तक बाहर नहीं निकली तो उसकी सास ने कमरे में गई। इस दौरान उसने बहू को फंदे से झूलता हुआ पाया। उसने मामले की सूचना स्थानीय पंचायत प्रधान संजीव कुमार को दी, जिस पर प्रधान ने बंगाणा पुलिस को उक्त घटना बारे सूचित किया। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने फंदे से विवाहिता के शव को उतारकर कब्जे में ले लिया है। शव का पोस्टमार्टम क्षेत्रीय चिकित्सालय में करवाया जाएगा। एस.पी. दिवाकर शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मृतका की सास को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News