Himachal: 29 से साफ रहेगा मौसम, धूप खिलने से बढ़ने लगा फिर से तापमान

punjabkesari.in Saturday, Sep 28, 2024 - 10:41 PM (IST)

शिमला (संतोष): राज्य में अब मॉनसून धीमा पड़ गया है और आगामी एक सप्ताह तक मौसम के साफ व शुष्क रहने के आसार हैं, जिससे लोगों को लगातार हो रही बारिश से राहत मिलने वाली है। संभावनाएं जताई जा रही हैं कि जल्द ही हिमाचल से मानसून अलविदा हो जाएगा। अमूमन 24 सितम्बर को प्रदेश से मानसून की विदाई हो जाती है। बीते वर्ष 6 अक्तूबर को मानसून विदा हुआ था, लेकिन इस बार अभी तक मानसून विदा नहीं हुआ है, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि अब प्रदेश से मानसून अलविदा कह देगा।

शनिवार को राजधानी सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्के बादलों के साथ धूप खिली और कांगड़ा में हल्की बूंदाबांदी हुई है। धूप खिलने से अधिकतम तापमान में फिर से उछाल आने लगा है और ऊना में अधिकतम तापमान 33.4 व शिमला में 24 डिग्री रिकार्ड किया गया है।

धूप खिलने के बाद राज्य में उमड़ने लगे पर्यटक
प्रदेश में मौसम खुलने के साथ ही अब राजधानी शिमला सहित प्रदेश के पर्यटक स्थल सैलानियों से गुलजार होने लगे हैं। शनिवार को वीकैंड पर राजधानी शिमला सहित अन्य पर्यटक स्थलों पर पर्यटकों की खासी आवाजाही हो रही है। आगामी दिनों में मौसम के साफ रहने से सैलानियों के हिमाचल में और अधिक रुख करने की संभावनाएं हैं, जिससे होटल कारोबारियों सहित पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए राहत होगी।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News