हिमाचल में अगले चार दिन तक भारी बारिश की चेतावनी, IMD ने इन 5 जिलों में जारी किया ''ऑरेंज'' अलर्ट
punjabkesari.in Monday, Jul 27, 2026 - 10:48 AM (IST)
Himachal Weather Update : मौसम विभाग ने रविवार को हिमाचल प्रदेश के तीन से पांच जिलों के कुछ इलाकों में 28 से 31 जुलाई के बीच भारी से बहुत भारी बारिश के लिए 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार, भारी बारिश की वजह से हुए भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ के कारण राज्य भर में 135 सड़कें बंद हैं। सबसे अधिक 54 सड़कें कुल्लू जिले में बंद हैं। इसके बाद मंडी में 43, शिमला में 15, चंबा में आठ, कांगड़ा और लाहौल-स्पीति में पांच-पांच, सिरमौर में चार और ऊना में एक सड़क बंद है।
एसईओसी के आंकड़ों के मुताबिक, खराब मौसम के कारण 38 पेयजल आपूर्ति योजनाएं और 44 बिजली ट्रांसफॉर्मर भी प्रभावित हुए हैं। राज्य में 30 जून को मानसून के आगमन के बाद से भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ की घटनाओं में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार शाम तक बीते 24 घंटे में राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सुंदरनगर में सबसे अधिक 65.2 मिलीमीटर बारिश हुई।
शिमला मौसम केंद्र ने एक अगस्त तक पूरे राज्य में बारिश का अनुमान जताया है। केंद्र ने 28 जुलाई को शिमला, सोलन, सिरमौर और मंडी जिलों के कुछ हिस्सों में; 29 जुलाई को ऊना, कांगड़ा और सिरमौर ज़िलों में और 30 जुलाई को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा और कांगड़ा जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के लिए 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है।

