अर्की में विकास की कमी लग रही तो सीएम उसे पूरा करें, बातें न बनाएं : वीरभद्र सिंह

punjabkesari.in Saturday, Dec 26, 2020 - 09:46 PM (IST)

अर्की (सुरेन्द्र): पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कुनिहार में बताया कि अगर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को अर्की में विकास की कमी लग रही है तो वह उसे पूरा करें न कि बातें बनाएं। उन्होंने यह टिप्पणी कुछ दिन पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा अर्की के विकास के बारे में दिए गए बयान पर की, जिसमें उन्होंने कहा था कि स्थानीय विधायक ने अर्की में विकास नहीं करवाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री बातें ज्यादा कर रहे हैं तथा काम कम। उन्होंने कहा कि वह यह बात अपने 60 साल के तजुर्बे के आधार पर कह रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने 17 स्वास्थ्य संस्थानों को बंद कर यह बता दिया है कि उन्हें लोगों की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीें है। उन्होंने कहा कि जब ये संस्थान खोले गए थे तो लोगों की कठिनाइयों को देखते हुए खोले गए थे। अब यदि सरकार इन्हें बंद करती है तो मैं मुख्यमंत्री को कोई शाबाशी नहीं दूंगा। उन्होंने कहा कि सरकार को इन संस्थानों को बंद करने की बजाय इन्हें मजबूत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार की अफसरसाही पर कोई पकड़ नहीं है। यह सरकार हर मोर्चे पर विफल हो गई है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का 3 वर्ष का कार्यकाल निराशा से भरा रहा है। सरकार इन 3 वर्षों में प्रदेश के लिए कुछ नहीं कर पाई है। इस सरकार ने कोई भी नया काम नहीं किया है, जिस पर गर्व किया जा सके। उन्होंने कहा कि जो काम उनकी सरकार के समय में हुए थे, उन्हीं के उद्घाटन हो रहे हैं। उन्होंने आगामी पंचायत चुनावों को लेकर कहा कि कांग्रेस पार्टी आम लोगों के दिलों में बसी हुई है। उन्होंने कहा कि इन पंचायत चुनावों में कांग्रेस समर्थक भारी संख्या में चुन कर आएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News