भाजपा केवल सत्ता की भूखी, विकास से उसका कोई सरोकार नहीं : विक्रमादित्य सिंह

punjabkesari.in Thursday, May 14, 2026 - 07:41 PM (IST)

मंडी (रजनीश): नगर निगम मंडी के कांग्रेस के चुनाव प्रभारी एवं लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा को जन विरोधी करार दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को मंडी जिला के हितों से कोई लेना-देना नहीं है, उनका एकमात्र लक्ष्य सत्ता हथियाना और लोगों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ करना है। प्रचार के दौरान अपने संबोधन में विक्रमादित्य सिंह ने नगर निगम में भाजपा के पिछले कार्यकाल पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पिछले 5 वर्षों तक नगर निगम में भाजपा के मेयर और डिप्टी मेयर काबिज रहे, लेकिन शहर के विकास के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। मंत्री ने आरोप लगाया कि विकास कार्यों के नाम पर केवल भाजपा पार्षदों के वार्डों में ही चुनिंदा काम किए गए, ताकि उनके चहेतों को लाभ पहुंचाया जा सके।

मंत्री विक्रमादित्य सिंह कहा कि लोगों की भावनाओं से खेलना भाजपा नेताओं की पुरानी आदत बन चुकी है और जनता अब उनके झांसे में आने वाली नहीं है। विक्रमादित्य सिंह ने वीरवार को मंडी शहर के विभिन्न वार्डों में पदयात्रा निकालकर कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाया। उन्होंने हनुमान मंदिर व मंगवाई, थनेहड़ा और इंदिरा मार्कीट, पड्डल गुरुद्वारा, पैलेस कालोनी-1, समखेतर और खलियार वार्ड में लोगों से समर्थन मांगा। उन्होंने कहा कि मंडी की जनता अब बदलाव चाहती है। हमने हमेशा विकास की राजनीति की है और नगर निगम में कांग्रेस की सरकार बनते ही शहर के समान विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News