Himachal: ठेकेदार की दबंगई, मेहनत की कमाई मांगी तो बंधक बनाकर पीटा युवक...फिर सोशल मीडिया पर डाल दी वीडियो

punjabkesari.in Tuesday, May 12, 2026 - 04:01 PM (IST)

बिलासपुर (बंशीधर): हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में गुंडागर्दी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक को अपनी ही मेहनत की कमाई मांगना भारी पड़ गया। मजदूरी के बकाया पैसे मांगने पर एक ठेकेदार ने अपने साथियों के साथ मिलकर न केवल युवक की बेरहमी से पिटाई की, बल्कि उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर थाना सदर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित अभिषेक कुमार निवासी गांव तरेड, डाकघर चांदपुर, तहसील सदर व जिला बिलासपुर ने बताया कि उसने एक ठेकेदार के पास काम किया था, जिसकी करीब 6300 रुपए की मजदूरी बकाया थी। अभिषेक के अनुसार जब वह आईटीआई चौक पर संबंधित ठेकेदार से मिला और अपने बकाया पैसे मांगे तो ठेकेदार आगबबूला हो गया।

आरोप है कि पैसे देने की बजाय ठेकेदार ने फोन करके अपने दो अन्य परिचित युवकों को मौके पर बुला लिया। तीनों ने मिलकर पहले आईटीआई चौक पर उसके साथ मारपीट की और फिर उसे जबरन एक कमरे में ले गए। कमरे में बंधक बनाकर उसकी बुरी तरह पिटाई की गई। आरोपियों की गुंडागर्दी यहीं नहीं रुकी, उन्होंने इस मारपीट का वीडियो भी बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके अलावा आरोपियों ने अभिषेक को जान से मारने की धमकियां भी दीं।

इस घटना के बाद सहमे हुए पीड़ित ने थाना सदर बिलासपुर पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई और न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ विभिन्न आपराधिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि सदर थाने में मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने वायरल वीडियो को भी संज्ञान में लिया है और पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News