भयानक हादसा: 100 फुट गहरी खाई में गिरी पिकअप जीप...उड़े परखच्चे, चालक की मौके पर गई जान
punjabkesari.in Sunday, Nov 01, 2026 - 05:23 PM (IST)
शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामले में ढली क्षेत्र में एक पिकअप जीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने हादसे के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
ढली पुलिस थाना के तहत मिली जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 9:45 बजे एक पिकअप जीप (एचपी 63सी-2443) अचानक बेकाबू होकर मुख्य सड़क से करीब 100 फुट नीचे गहरी खाई में लुढ़क गई। दुर्घटना इतनी भयानक थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान पलविंदर पुत्र स्व. दीप राम निवासी गांव सरिया-भरला, डाकघर बल्देयां, तहसील व जिला शिमला के रूप में हुई है।
इस हादसे के संदर्भ में दिनेश कुमार पुत्र परस राम निवासी ढली के बयानों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के उपरांत परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की आगामी छानबीन पुलिस चौकी मशोबरा द्वारा अमल में लाई जा रही है। पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला पंजीकृत कर आगामी कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

