किन्नौर की भावा वैली में हादसा: अनियंत्रित होकर खड्ड में गिरी कार, चालक की मौत
punjabkesari.in Friday, Oct 30, 2026 - 11:07 PM (IST)
रिकांगपिओ (रिपन): जनजातीय जिला किन्नौर की भावा वैली में एक सड़क हादसा पेश आया है, जिसमें 58 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा गत रात्रि करीब 10:30 बजे यांगपा में होमते पुल से लगभग 400 से 500 मीटर आगे यांगपा की ओर हुआ। यहां एक कार अनियंत्रित होकर भावा खड्ड में जा गिरी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कार (एचपी 26बी-0606) में बाबू राम (58) पुत्र डालन, निवासी गांव यांगपा-2 सवार थे। वह रात्रि के समय यांगपा से अपने घर कासरिम की ओर जा रहे थे। इसी दौरान होमते पुल से आगे कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खड्ड में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि बाबू राम ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया तथा पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भावानगर पहुंचाया। वहीं, एसडीपीओ भावानगर वरुण पटियाल ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव को परिजनों को सौंप दिया है तथा पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

