भयानक हादसा: 200 मीटर गहरी खाई में गिरी कार...उड़े परखच्चे, 2 लोगों ने गंवाई जान
punjabkesari.in Wednesday, Oct 21, 2026 - 06:28 PM (IST)
शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में एक सड़क दुर्घटना सामने आई है। जिले के सुन्नी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में वाहन में सवार दोनों लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को खाई से बाहर निकाल लिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना बीते मंगलवार को रविंडा-कढारघाट-नौटीखड्ड सड़क मार्ग पर घटित हुई। मामले की लिखित शिकायत हाजाल गांव, डाकघर गुम्मा व तहसील सुन्नी के निवासी बलबीर सिंह पुत्र जीवा नंद ने पुलिस को दी है। शिकायत में बताया गया है कि हाजाल मोड़ के समीप एक कार अचानक सड़क से अनियंत्रित हो गई और पहाड़ी से लगभग 150 से 200 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
खाई अत्यधिक गहरी और दुर्गम होने के कारण वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। जब स्थानीय लोगों ने नीचे जाकर दुर्घटनाग्रस्त वाहन और स्थिति का जायजा लिया, तो पाया कि कार में सवार दोनों व्यक्तियों की सांसें थम चुकी थीं। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया। मृतकों की पहचान उत्तम पुत्र मघनी राम (44) निवासी बाली गुम्मा तथा यशपाल पुत्र नारायण (37) वर्ष निवासी गुम्मा तहसील शिमला के तौर पर हुई है।
स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। सुन्नी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने को लेकर भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106(1) के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल, पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू से मामले की गहराई से छानबीन कर रही है। वहीं प्रशासन की तरफ से मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपए की राहत राशि प्रदान कर दी गई है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

