11 माह बाद चली ट्रेन, पहले दिन मिले केवल 10 यात्री

punjabkesari.in Monday, Feb 22, 2021 - 11:15 PM (IST)

ऊना (मनोहर): आखिरकार 11 माह से बंद पड़ी ऊना से सहारनपुर के लिए ट्रेन सोमवार से शुरू हो गई है। इससे अब रेलवे स्टेशन ऊना में दिन के समय रौनक लौट आई है। यह ट्रेन अपने निर्धारित समय से पहले ही प्लेटफार्म पर पहुंच चुकी थी और निर्धारित समय दोपहर डेढ़ बजे सहारनपुर के लिए रवाना हो गई। पहले दिन इस ट्रेन में अधिकतर डिब्बे खाली ही नजर आए। दोपहर सवा 12 बजे ट्रेन सहारनपुर से चलकर ऊना रेलवे स्टेशन पहुंची थी। इस ट्रेन के शुरू होने से रेल के जरिए हरिद्वार जाने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलनी आरंभ हो गई है। वहीं इस ट्रेन के शुरू होते ही कोरोना काल के बाद ऊना से चलने वाली ट्रेनों की संख्या अब 3 हो गई है।

रेलवे स्टेशन ऊना से प्राप्त जानकारी के मुताबिक ऊना से सहारनपुर के लिए दोपहर डेढ़ बजे चली ट्रेन में पहले दिन सोमवार को केवल 10 यात्री ही रवाना हुए। इस ट्रेन में जाने वाले ये यात्री रोपड़, सरहंद, अम्बाला व सहारनपुर जाने वाले थे। यह ट्रेन ऊना से वाया रूरुपनगर, सरहंद, अम्बाला छावनी व यमुनानगर से होते हुए सहारनपुर पहुंचेगी। रेलवे स्टेशन के अधिकारियों के मुताबिक पहले दिन इस रूट पर कम यात्री थे लेकिन धीरे-धीरे इस ट्रेन को यात्रियों का रिस्पांस मिलना आरंभ हो जाएगा।

ऊना से सहारनपुर के बीच ट्रेन चलने का सबसे अधिक लाभ हरिद्वार में जाकर कुम्भ स्नान करने वाले यात्रियों को होगा। इस कुम्भ मेले में प्रतिवर्ष हजारों की संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार जाते हैं। इस वर्ष कोरोना काल के चलते एच.आर.टी.सी. द्वारा स्पैशल बसें चलाने का एलान किया गया है लेकिन ऊना डिपो की कोई भी स्पैशल बस कुम्भ मेले के लिए शुरू नहीं की जाएगी। ऊना डिपो की केवल एक ही बस सुबह साढ़े 6 बजे हरिद्वार के लिए चलती है। ऐसे में इस ट्रेन के शुरू होने से कुम्भ मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं को आने-जाने में काफी फायदा होगा।

ऊना रेलवे स्टेशन मास्टर ओम प्रकाश ने कहा कि ऊना से सहारनपुर के बीच ठीक डेढ़ बजे ट्रेन रवाना हुई है। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन की बुकिंग शुरू हो चुकी है। सहारनपुर जाने वाले यात्री इस ट्रेन का लाभ उठा सकते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Recommended News

Related News