Kangra: किराए के कमरे में चल रहा था नशे का खेल, पुलिस ने मारा छापा...चिट्टे के साथ पंजाब के 2 तस्कर धरे
punjabkesari.in Friday, Nov 27, 2026 - 03:47 PM (IST)
पालमपुर (भृगु): नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पालमपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने उपमंडल के लोहना क्षेत्र में देर रात एक किराए के मकान में छापेमारी कर पंजाब के दो युवकों को 28.65 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस अब नशे के इस कारोबार से जुड़े स्थानीय संपर्कों को खंगालने में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार पुलिस थाना पालमपुर की टीम को देर रात गुप्त सूचना मिली थी कि लोहना क्षेत्र में एक किराए के कमरे की आड़ में नशे का अवैध कारोबार चल रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए संबंधित ठिकाने पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान कमरे में दो युवक मौजूद मिले। पुलिस टीम ने दोनों को काबू कर जब नियमानुसार तलाशी और पूछताछ की तो उनके कब्जे से 28.65 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत मादक पदार्थ को जब्त कर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की गिरफ्त में आए दोनों युवक पंजाब के रहने वाले हैं। आरोपियों की पहचान जोश (21) निवासी धारीवाल, जिला गुरदासपुर और राजवीर (18) निवासी अमृतसर के रूप में हुई है। पुलिस थाना पालमपुर में दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकद्दमा दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब इस पूरे नैटवर्क की जड़ तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। जांच इस बात पर केंद्रित है कि आरोपी चिट्टे की यह खेप कहां से खरीदकर लाए थे और पालमपुर में इसे आगे किन लोगों तक सप्लाई किया जाना था। इसके अतिरिक्त, पुलिस यह भी पता लगा रही है कि दोनों आरोपी लोहना में कितने समय से किराए के कमरे में रह रहे थे और इस कारोबार में अन्य किन-किन लोगों की संलिप्तता है। डीएसपी पालमपुर सुनील राणा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

