सोलन में चिट्टे के खिलाफ पुलिस का शिकंजा, 2 दिन में 5 युवक गिरफ्तार
punjabkesari.in Thursday, Nov 26, 2026 - 08:18 PM (IST)
सोलन (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से चिट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोलन पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने पिछले दो दिनों में चिट्टे से जुड़े दो अलग-अलग मामले दर्ज कर पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 14.91 ग्राम हैरोइन (चिट्टा) बरामद की है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक मामले में एक युवक के कब्जे से 8.72 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया, जबकि दूसरे मामले में चार युवकों से 6.19 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ है। इन मामलों में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
सोलन जिला में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के आंकड़े भी अभियान की व्यापकता को दर्शाते हैं। इस वर्ष अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 144 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें करीब 283 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इस दौरान लगभग 1 किलो 745 ग्राम हैरोइन, करीब 8 किलो चरस और डेढ़ किलो अफीम बरामद की है।
एएसपी सोलन रमेश शर्मा ने बताया कि नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस जीरो टॉलरैंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने जनता से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को नशे की खरीद-फरोख्त या तस्करी से संबंधित कोई जानकारी मिलती है तो वह तुरंत पुलिस को सूचित करें।

