Shimla: 13 माह की उम्र और संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, शरीर पर निशान देख चौंकी पुलिस...मामले की जांच शुरू
punjabkesari.in Friday, Nov 27, 2026 - 06:42 PM (IST)
शिमला (संतोष): शिमला जिले के उपमंडल कुमारसैन के अंतर्गत पुलिस चौकी सैंज क्षेत्र में 13 माह के एक मासूम बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु होने का मामला सामने आया है। प्रारंभिक तौर पर बच्चे की मौत का कारण मां की गोद से गिरना बताया गया, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस को निरीक्षण के दौरान शरीर पर कुछ ऐसे निशान मिले हैं, जिससे मामला संदिग्ध हो गया है। पुलिस ने प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
उपप्रधान ने दी सूचना, 25 नवम्बर को गिरने की कही गई बात
मृतक बच्चे की पहचान आर्यन पुत्र रणजीत सिंह, निवासी गांव प्रशान (ग्राम पंचायत महोली) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत महोली के उपप्रधान प्यारे लाल ने पुलिस चौकी सैंज को बच्चे की मृत्यु के संबंध में सूचना दी थी। प्रारंभिक तौर पर यह बताया गया था कि बीते 25 नवम्बर को बच्चा अपनी मां की गोद से नीचे गिर गया था, जिसके बाद गुरुवार सुबह उसकी मृत्यु हो गई।
निरीक्षण में दिखे पुराने निशान, कुपोषण का भी चला था इलाज
सूचना मिलते ही सैंज पुलिस की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुलिस को बच्चे के शरीर के विभिन्न हिस्सों पर खरोंच के कुछ पुराने निशान दिखाई दिए, जिससे मृत्यु की परिस्थितियां संदिग्ध प्रतीत हुईं। इसके अलावा छानबीन में यह तथ्य भी सामने आया कि बच्चा गंभीर रूप से कुपोषित था और हाल ही में आईजीएमसी शिमला में 13 दिनों तक उसका उपचार भी चला था।
पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेजा शव
शरीर पर मिले निशानों और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कानूनी प्रक्रिया शुरू की। बच्चे के शरीर को पहले सिविल अस्पताल कुमारसैन ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने मृत्यु के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए उसे पोस्टमार्टम हेतु आईजीएमसी शिमला रैफर कर दिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल कारणों से पर्दा उठ सकेगा।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

