बद्दी में धू-धू कर जलीं गाड़ियां: अचानक बिजली के खंभे से निकली चिंगारी और फिर खाक हो गई दो कारें
punjabkesari.in Monday, Apr 20, 2026 - 02:36 PM (IST)
हिमाचल डेस्क। नगर निगम बद्दी के वार्ड नंबर-8 स्थित बसंती बाग मार्केट की पार्किंग में लगे एक बिजली ट्रांसफार्मर में अचानक स्पार्किंग हो गई और जिसके कारण वहां खड़ी दो कारें आग की चपेट में आ गईं।
कैसे हुआ हादसा?
चश्मदीदों के मुताबिक, ट्रांसफार्मर के ठीक नीचे एक ऑल्टो और एक ब्रेजा कार खड़ी थी। अचानक ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारियां कारों पर गिरीं और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। अचानक लगी आग से बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम फायर टेंडर के साथ मौके पर पहुंची। हालांकि, जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक दोनों कारें पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थीं। लीडिंग फायरमैन दयाल चंद ने बताया कि यदि आग बुझाने में थोड़ी भी देरी होती, तो साथ लगती घनी आबादी और दुकानें भी जल सकती थीं। गनीमत रही कि दमकल विभाग ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, वरना पूरी मार्केट और रिहायशी इलाका इसकी चपेट में आ सकता था।
वाहन मालिक पंडित मुरारी लाल निवासी सेक्टर-10, पंचकूला (हरियाणा) की ब्रेजा कार और रामकुमार निवासी विकासनगर, देहरादून (उत्तराखंड) की ऑल्टो कार (HP-93-4467)की गाड़ियां जल गई।
मुरारी लाल बद्दी के साईं रोड पर ज्योतिष का कार्य करते हैं, जबकि रामकुमार स्थानीय कंपनी में कार्यरत हैं। दोनों मालिकों ने बताया कि उन्होंने रोजाना की तरह अपनी गाड़ियां वहां पार्क की थीं।
पुलिस जांच शुरू
प्राथमिक जांच में आग लगने का मुख्य कारण ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट या स्पार्किंग माना जा रहा है। स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है।

