Solan: सड़क किनारे खड़ी कार में अचानक घुसी SIU टीम...तलाशी में मिला चिट्टा, 4 युवक गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Nov 03, 2026 - 12:38 PM (IST)

सोलन: जिले में नशे के अवैध कारोबार और तस्करों पर नकेल कसने के लिए सोलन पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान को एक और सफलता मिली है। जिला पुलिस की स्पैशल इन्वैस्टिगेशन यूनिट (एसआईयू) की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एमएमयू सुल्तानपुर के गेट के समीप कार्रवाई करते हुए एक स्विफ्ट कार से 7.80 ग्राम चिट्टा बरामद कर चार युवकों को गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोलन पुलिस की एसआईयू टीम एक गुप्त सूचना के आधार पर एमएमयू सुल्तानपुर के गेट के पास गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान टीम ने वहां खड़ी एक स्विफ्ट कार की चैकिंग की, जिसमें चार युवक सवार थे। पुलिस द्वारा संदेह के आधार पर जब युवकों की तलाशी ली गई, तो उनके कब्जे से 7.80 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस टीम ने चारों युवकों को नियमानुसार मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान संदीप ठाकुर (43), कुनाल कुमार (40), कर्ण ठाकुर (27) और रजनीश (34) के रूप में हुई है। ये चारों आरोपी जिला सोलन के ही निवासी हैं। मादक पदार्थ की बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना धर्मपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच के दौरान पुलिस ने संबंधित स्विफ्ट कार को भी अपने कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है।

जिला पुलिस अधीक्षक सोलन ने इस मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा चारों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही पुलिस आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे पहले भी किसी अवैध गतिविधि में संलिप्त रहे हैं या नहीं। मामले में पुलिस की आगामी जांच जारी है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News