Solan: वेल्डिंग के दौरान गिरी चिंगारी और भड़क उठी आग, अंबुजा सीमेंट प्लांट में मचा हड़कंप
punjabkesari.in Thursday, Oct 22, 2026 - 04:54 PM (IST)
दाड़लाघाट (सोनी): औद्योगिक क्षेत्र दाड़लाघाट स्थित अंबुजा सीमेंट प्लांट में अचानक आग भड़कने से हड़कंप मच गया। यह आग प्लांट की कीलन (भट्टी) में निष्पादन (जलाने) के लिए लाए गए कचरे के ढेर में लगी। आग लगने के कारण प्लांट परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और धुएं का गुबार उठने लगा।
मिली जानकारी के अनुसार, इस आगजनी का मुख्य कारण प्लांट परिसर में चल रहा वेल्डिंग का काम बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि जहां कीलन में जलाने के लिए कचरा डंप किया गया था, उसी के समीप वेल्डिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान वेल्डिंग मशीन से निकली एक चिंगारी सीधे कचरे के ढेर पर जा गिरी। कचरा ज्वलनशील होने के कारण चिंगारी गिरते ही उसने तुरंत आग पकड़ ली और आग तेजी से फैल गई।
आग लगने का पता चलते ही प्लांट के कर्मचारियों और प्रबंधन ने तुरंत सतर्कता दिखाई और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए गए। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी भी तरह के जानी नुक्सान या किसी कर्मचारी के झुलसने की कोई सूचना नहीं है। समय रहते स्थिति को नियंत्रण में ले लिया गया।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

