Chamba: पारिवारिक कलह से तंग युवती ने निगला जहरीला पदार्थ, मौ+त
punjabkesari.in Sunday, Apr 26, 2026 - 12:46 PM (IST)
तुनुहट्टी (संजय): भटियात क्षेत्र की तुनुहट्टी पंचायत के जंद्राह गांव में पारिवारिक कलह से तंग आकर एक युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। डॉ राजेंद्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं अस्पताल टांडा में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई है। सिमरन पुत्री सरोज कुमारी अपनी तीनों बहनों में सबसे छोटी थी। कुछ दिन पहले उसके पारिवारिक सदस्यों में घर और जमीन को लेकर कहासुनी हो गई थी जिसके बाद सिमरन ने परिजनों को बिना कुछ बताए डिप्रेशन में आकर घर पर ही रखी गई दवाई का सेवन कर लिया। जानकारी के अनुसार जब सिमरन की तबीयत थोड़ी खराब हुई तो उसकी माता ने उसको नजदीकी क्लिनिक में चैक करवाया फिर भी उसकी तबीयत में सुधार नहीं हुआ जिसके बाद सिमरन को चुवाड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इसी दौरान सिमरन के नजदीकी रिश्तेदार ने जब सिमरन से कहा कि आपके सारे टैस्ट ठीक आ रहे हैं लेकिन फिर भी आपकी तबियत में सुधार क्यों नहीं आ रहा है जिसके बाद ही सिमरन ने सबको दवाई पीने की बात कही और इस बात का खुलासा होने के बाद शुक्रवार को वहां के चिकित्सकों ने उन्हें किसी बड़े अस्पताल जाने की सलाह दी। सिमरन को टांडा ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सिमरन ने टांडा अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस सारी घटना के बाद जब उसके परिजनों ने उसका मोबाइल फोन चैक किया तो उसमें दवाई पीने से पहले सिमरन द्वारा लिखा गया सुसाइड नोट पाया गया जिसमें सिमरन ने उनकी माता के साथ रिश्तेदारों द्वारा किए गए लड़ाई झगडे़ का जिक्र करते हुए उनके नाम भी लिखे हुए हैं।
मेरी मां को न्याय दिलाया जाए
सुसाइड नोट में सिमरन ने पुलिस से भी गुहार लगाई है कि उनकी माता जी को न्याय दिलाया जाए इसके अलावा भी सिमरन ने सुसाइड नोट में कई बातों का जिक्र किया है और अंत में उसने लिखा है कि मेरी माता का दुख मुझसे और देखा नहीं जाता इसलिए माता जी मैं जा रही हूं। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद सिमरन के शव को उनके घर लाया गया। एसपी विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मामले की गहनता से जांच चल रही है।

