Kangra: ड्यू​टी पर गया वैटर्नरी फार्मासिस्ट, घर वापस नहीं लौटा, खाई में मिला शव

punjabkesari.in Saturday, Sep 05, 2026 - 09:22 PM (IST)

ज्वाली (नंदपुरी): नगर परिषद ज्वाली के अंतर्गत लंब गांव के निवासी विशाल कुमार(42) के भाटी गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार विशाल कुमार सिद्धपुर गाड़ में वैटर्नरी फार्मासिस्ट के रूप में कार्यरत था, शुक्रवार को वह किसी बीमार पशु के इलाज के लिए गया था, लेकिन शाम तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी प्राथमिकी पुलिस थाना ज्वाली में सुबह दर्ज करवाई। इसके बाद पुलिस और परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। स्थानीय गांववासियों ने उसका शव मोटरसाइकिल के साथ भाटी गांव के समीप सुनसान सड़क के पास खाई में पड़ा देखा तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मंजीत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे तथा कड़ी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला। एडीशनल एसपी धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पुलिस ने बारीकी से हर पहलू की जांच शुरू कर दी है। शव का नूरपुर अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। विशाल के आकस्मिक निधन से ज्वाली कस्बे में शोक की लहर है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News