Chamba: तीसा में 867 ग्राम चरस के साथ युवक गिरफ्तार
punjabkesari.in Wednesday, Apr 01, 2026 - 10:31 PM (IST)
तीसा (सुभान दीन): उपमंडल चुराह में पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। बुधवार दोपहर पुलिस टीम ने गश्त के दौरान तीसा-खुशनगरी मार्ग पर एक युवक को 867 ग्राम चरस के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बुधवार को दोपहर लगभग 3 बजे पुलिस की एक टीम तीसा से खुशनगरी की ओर गश्त पर थी। इसी दौरान सामने से आ रहे एक युवक की संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 867 ग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया। आरोपी की पहचान हिम्मो (20) पुत्र माधो, निवासी गांव शलवान डाकघर जुंगरा तहसील चुराह जिला चम्बा के रूप में हुई है। पुलिस थाना तीसा में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी यह खेप कहां से लाया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। मामले की पुष्टि एसपी विजय कुमार सकलानी ने की है।

