Chamba: पिता-पुत्र ने बीच सड़क में गाड़ी खड़ी कर दिखाई गुंडागर्दी, पुलिस टीम से की बदसलूकी
punjabkesari.in Sunday, Jun 21, 2026 - 05:04 PM (IST)
तीसा (चम्बा) (सुभानदीन): तीसा उपमंडल में कानून व्यवस्था को चुनौती देने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। थाना तीसा के अंतर्गत कोहाल क्षेत्र में एक युवक और उसके परिजनों द्वारा पुलिस टीम के साथ भी गुंडागर्दी की। पुलिस पर हमला करने और सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम को आरक्षी प्रकाश सिंह अपनी ड्यूटी के तहत कोहाल-सपरोट क्षेत्र में तैनात थे। इस दौरान जब स्थानीय विधायक के काफिले के साथ कोहाल के समीप पहुंचे तो बैहलाम निवासी छेछ कुमार पुत्र कर्म चंद ने अपनी गाड़ी बीच रास्ते में तिरछी खड़ी कर दी, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। इस दौरान आरक्षी प्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे।
उन्होंने अपनी बाइक किनारे लगाकर युवक को गाड़ी हटाने का आग्रह किया तो छेछ कुमार ने अपनी गलती मानने के बजाय आरक्षी के साथ बदतमीजी और गाली-गलौच शुरू कर दी। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और आरोपी का भाई नरेश कुमार व पिता कर्म चंद भी वहां पहुंच गए। आरोपी का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ। आरोप है कि नरेश कुमार ने पत्थरों से आरक्षी प्रकाश सिंह व वहां मौजूद तेज सिंह और राहुल खान पर हमला कर दिया। इस दौरान तीनों आरोपियों छेछ कुमार, नरेश कुमार और कर्म चंद ने मिलकर आरक्षी के साथ हाथापाई की।
आरोपियों ने आरक्षी की वर्दी के बटन तोड़ दिए, जेब फाड़ दी और नेम प्लेट तक तोड़ दी। हाथापाई के दौरान आरक्षी के गले से चांदी की चेन तोड़ दी। इसके साथ ही वहां मौजूद राहुल खान की भी चांदी की चेन तोड़ दी गई। आरोपियों ने आरक्षी की पीठ पर बेरहमी से वार किए।
पुलिस की जांच टीम से भी उलझा आरोपी, किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही नकरोड़ पुलिस चौकी और तीसा थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। जब पुलिस टीम हालात का जायजा ले रही थी, तब आरोपी छेछ कुमार पूरी तरह हिंसक हो गया। उसने पुलिस टीम के साथ भी बदसलूकी की और उन पर हमला करने की कोशिश की। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही धर दबोचा।
इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। उधर, एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि वर्दी पर हमला और सरकारी काम में बाधा डालने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

