Chamba: 422 ग्राम चरस की खेप के साथ 2 युवक गिरफ्तार, मामला दर्ज कर डाला सलाखों के पीछे
punjabkesari.in Saturday, Oct 03, 2026 - 06:40 PM (IST)
चम्बा (रणवीर): चम्बा पुलिस की विशेष जांच इकाई (एसआईयू) ने नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए गए अभियान में एक और सफलता हासिल करते हुए 2 युवकों को 422 ग्राम चरस के साथ धर-दबोचा है। आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर उन्हें सलाखों के पीछे धकेल दिया गया है। पुलिस आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की औपचारिकताएं पूर्ण करने में जुट गई है। जानकारी के अनुसार इंस्पैक्टर गगन और मुख्य आरक्षी अवनीश की अगुवाई में एसआईयू की टीम उपमंडलीय मुख्यालय सलूणी में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान वन विभाग के बैरियर के समीप टीम ने संदेह के आधार पर 2 युवकों की तलाशी ली गई। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 422 ग्राम चरस बरामद की गई।
पकड़े गए आरोपियों में 24 वर्षीय राजू निवासी गांव करेरी डाकघर डियूर तहसील सलूणी जिला चम्बा और 34 वर्षीय संजू निवासी गांव देपुनता डाकघर एवं तहसील सलूणी जिला चम्बा के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम ने चरस को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस अब आरोपियों से यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि यह खेप कहां से लाई गई थी तथा किसे बेची जानी थी। उन्होंने बताया कि एसआईयू सैल की टीम बेहतरीन कार्य कर रही है और पिछले 10 दिनों में टीम ने 4 अलग-अलग मामलों में आरोपियों को सलाखों के पीछे धकेला है।

