Chamba: कैंपर दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
punjabkesari.in Wednesday, Jan 07, 2026 - 10:07 PM (IST)
तीसा (सुभानदीन): चम्बा-तीसा मुख्य मार्ग पर गुनु नाला के पास एक कैंपर गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए मैडीकल कॉलेज एवं अस्पताल चम्बा पहुंचाया गया है और यहां उनका उपचार चल रहा है। बुधवार को गाड़ी चम्बा से तीसा की ओर जा रही थी। इसमें कुल 3 लोग सवार थे। जब गाड़ी गुनु नाला के पास पहुंची तो चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी और एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को नाले से बाहर निकाला।
सूचना मिलते ही थाना सदर चम्बा की पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें भी राहत कार्य के लिए घटना स्थल पर पहुंच गईं। दोनों घायलों को उपचार के लिए तुरंत चम्बा मैडीकल कॉलेज ले जाया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। एसपी विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज कर घटना के असल कारणों की जांच शुरू कर दी है।

