Chamba : कर्ज से बचने के लिए 22 वर्षीय युवक ने रची खौफनाक साजिश, ऐसे खुली पोल

punjabkesari.in Thursday, Jun 04, 2026 - 02:16 PM (IST)

Chamba News : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में ऑनलाइन गेमिंग की लत और लाखों रुपये के कर्ज के दलदल में फंसे एक युवक द्वारा खुद की गुमशुदगी और हत्या की झूठी साजिश रचने का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। डांड पंचायत के इस युवक ने कर्जदाताओं से पीछा छुड़ाने के लिए न केवल झूठी साजिश रची, बल्कि पूरे पुलिस महकमे और परिवार को कई दिनों तक गुमराह करके रखा। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी और सीसीटीवी फुटेज की मदद से इस पूरी 'पटकथा' का भंडाफोड़ हो गया है।

ऐसे खुली पोल

पुलिस जांच में सामने आया कि पोल्ट्री (मुर्गी पालन) व्यवसाय से जुड़े 22 वर्षीय तौफीक के सिर पर लाखों रुपये का कर्ज चढ़ चुका था। कर्ज से बचने के लिए तौफीक ने खुद के लापता होने का नाटक रचा, जिसमें उसके बड़े भाई शहजाद ने भी उसका साथ दिया। शहजाद ने खुद तौफीक को चंबा जिले से बाहर जाने वाली एक बस में बैठाया था। जब पुलिस ने तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगाली, तो तौफीक के बस में रवाना होने की तस्वीर सामने आई। इसके बाद पूरे मामले से पर्दा उठ गया। बुधवार को परिजन युवक को लेकर पुलिस चौकी बनीखेत पहुंचे।

हत्या की जताई थी आशंका

इससे पहले तौफीक के परिजनों ने पुलिस को बताया था कि तौफीक शुक्रवार रात से लापता है। शहजाद ने बताया कि तौफीक शुक्रवार रात को पिकअप गाड़ी में मुर्गों की थोक खरीदारी के लिए ₹10 लाख नगद लेकर पठानकोट के लिए निकला था, जिसके बाद से उसका फोन बंद है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
जांच के दौरान चमेरा जलाशय के किनारे तौफीक की एक चप्पल और गाड़ी का टायर बरामद हुआ। बड़े भाई ने तुरंत इनकी पहचान की, जिसके बाद परिजनों ने आशंका जताई थी कि किसी ने तौफीक की हत्या कर दी है और फिर शव को नदी में फेंक दिया है।

पूछताछ जारी

पूरे घटनाक्रम के उजागर होने के बाद चंबा के पुलिस अधीक्षक (SP) विजय सकलानी ने बताया कि बुधवार को परिजनों द्वारा युवक को पुलिस चौकी बनीखेत लाया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। फिलहास,  पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News