हिमाचल के चंबा बड़ा हादसा: 7 पर्यटकों समेत 8 लोगों की मौत, खाई से शवों को निकालने का अभियान जारी

punjabkesari.in Sunday, May 31, 2026 - 02:12 PM (IST)

Chamba News : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक खाई में कार के गिर जाने से मारे गए सात पर्यटकों और एक टैक्सी चालक के शवों को निकालने का अभियान रविवार को जारी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यह घटना शुक्रवार देर रात चुराह उपमंडल के बैरागढ़-साच पास-किल्लर मार्ग पर हुई लेकिन स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी शनिवार दोपहर को मिली।

खराब मौसम के कारण शवों को नहीं निकाला जा सका

अधिकारियों ने बताया कि यह दुर्घटना उस वक्त हुई जब कार हिमाचल प्रदेश के सबसे दुर्गम मार्गों में से एक, बर्फ से ढके साच दर्रे की ओर जा रही थी। चुराह से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक हंस राज ने बताया कि शवों को निकालने का अभियान जारी है लेकिन खड़ी ढलान और खराब मौसम के कारण शवों को निकाला नहीं जा सका है। उन्होंने बताया कि इलाका दूरदराज का और दुर्गम है तथा वहां फोन का सिग्नल भी नहीं आता। अधिकारियों ने बताया कि रविवार सुबह अभियान फिर से शुरू हुआ और स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर रस्सियों की मदद से मानव श्रृंखला बनाकर दुर्घटनास्थल तक पहुंचने की कोशिश की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दो परिवार डलहौजी में मिले थे और उन्होंने एक ही टैक्सी से साच दर्रा क्षेत्र में बर्फबारी का आनंद लेने का फैसला किया था। टैक्सी चालक सहित दोनों परिवार शुक्रवार को साच दर्रा के रास्ते बैरागढ़-किल्लर रवाना हुए और जब टैक्सी निर्धारित समय के बाद भी डलहौजी नहीं लौटी तो वाहन मालिक ने वाहन की जीपीएस लोकेशन की जांच की।

जानकारी के अनुसार जीपीएस डेटा के अनुसार, वाहन कलावन क्षेत्र के पास एक ही स्थान पर स्थिर दिखाई दिया और उसमें हलचल का कोई संकेत नहीं था। इसके बाद, एक स्थानीय तलाशी अभियान शुरू किया गया जिससे यह आशंका बढ़ गई कि वाहन किसी दुर्घटना का शिकार हो गया है। मृतकों की पहचान अरविंद चंद्रकर, उनकी पत्नी प्राची, पुत्र दर्श और अक्षद (सभी बेंगलुरु निवासी), पी.जी. कार्तिकेयन, उनकी पत्नी मणिमाला और पुत्र नंदन (सभी कर्नाटक निवासी) और टैक्सी चालक विश्वास (हिमाचल प्रदेश के चंबा निवासी) के रूप में हुई है। 

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News