Chamba: चुराह में पंचायत चुनाव के बाद बदले की रंजिश में जला डाले 2 मकान
punjabkesari.in Wednesday, Jun 03, 2026 - 10:12 PM (IST)
चम्बा (रणवीर): चुराह क्षेत्र की आयल पंचायत में चुनाव के तुरंत बाद बदले की रंजिश के चलते कुछ लोगों ने 2 मकानों को आग के हवाले कर दिया। इससे पहले की मकान मालिक मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाते तब तक दोनों मकान राख के ढेर में तबदील हो चुके थे। शिकायतकर्त्ता ने पूर्व पंचायत प्रतिनिधि समेत 11 लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस को दिए बयान में बखतू खान पुत्र मूसा गांव सरोगा डाकघर आयल तहसील चुराह ने बताया कि वह बीते 2 जून की रात को अपने परिवार के साथ अपने नए घर लाहरूड़ी में मौजूद था तो उसने आयल से साहू जाने वाले रास्ते में कुछ लोगों का शोर-शराबा सुना, जिसके बाद शोर-शराबा सुनकर जब वह अपने घर से बाहर आया तो देखा कि कुछ लोग नारेबाजी करते हुए उसके घर की तरफ आ रहे थे, जिन्हें इकट्ठा आते देखकर वह घबरा गया और डर से भाग कर अपने घर के पास छिप गया और उन्हें देखने लगा
। तभी उन लोगों ने उसके घर पर पथराव शुरू कर दिया। जिस कारण उसके परिवार के सभी सदस्य घर से बाहर आ गए। देखते ही देखते उन्होंने उसके पुराने मकान में आग लगा दी। लकड़ी का मकान होने के कारण पूरा मकान आग की भेंट चढ़ गया। पुलिस काे बताया कि पंचायत के पूर्व एक प्रतिनिधि समेत होम देई, शेर सिंह, बृज लाल, केहर सिंह, गगन, तेज सिंह, रमेश, डोगरी, केवल तथा कुलदीप ने मिलकर उसके सामने उसके घर को आग लगा दी, जिसके बाद उक्त लोग खजराला गांव की तरफ चले गए। थोड़ी देर बाद मंजूर अहमद निवासी खजराला उसके घर के पास आया और उसने बताया कि उपरोक्त लोगों ने उसके सामने जान मुहम्मद निवासी खजराला का घर भी जला दिया है।
शिकायतकर्त्ता ने बताया कि पंचायत प्रतिनिधि व शेर सिंह पहले भी चुनावों के चलते उसे व उसके परिवार को अपने पक्ष में वोट देने के लिए धमका चुके हैं, जो हाल ही में हुए पंचायती राज चुनावों के चलते उपरोक्त घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने शिकायतकर्त्ता की शिकायत पर धारा 191(2), 190, 326(जी), 352 बी.एन.एस. में मुकद्दमा पंजीकृत किया है। एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी का कहना है कि आयल पंचायत में व्यक्ति ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उसका मकान चुनाव की रंजिश के चलते जला दिया है। पुलिस ने बयान दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

