Mandi: चोरों ने 2 बंद घरों को बनाया निशाना, लाखों का सामान उड़ाया; सोफा और बेड तक भी नहीं छोड़े
punjabkesari.in Friday, Feb 20, 2026 - 05:08 PM (IST)
Mandi News: हिमाचल के सरकाघाट पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित दो बंद मकानों में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने इतनी शातिर तरीके से हाथ साफ किया कि वे घर का मामूली सामान ही नहीं, बल्कि भारी-भरकम सोफा सेट और बेड तक चुरा ले गए। वारदात का खुलासा तब हुआ जब मकान मालिक लंबे समय बाद अपने घर पहुंचे।
क्या है पूरा मामला?
शिकायतकर्ता बलबीर भारद्वाज, निवासी गांव डोडर (डाकघर रखोह), ने पुलिस को बताया कि वे और उनके भाई कश्मीर सिंह अपने परिवारों के साथ कामकाज के सिलसिले में मंडी और चंडीगढ़ में रहते हैं। घर बंद रहने के कारण चोरों ने इसे सुरक्षित शिकार समझकर निशाना बनाया। 16 फरवरी को जब वे घर पहुंचे, तो उन्होंने पाया कि मुख्य गेट और कमरों के ताले टूटे हुए थे। अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। घर का कीमती सामान पूरी तरह गायब था। चोर अपने साथ सोफा सेट, तीन एलईडी टीवी, गैस सिलेंडर और आरओ वाटर प्यूरीफायर तक उठा ले गए। इतना ही नहीं, पीतल के बर्तन भी चोरी कर लिए गए। हैरानी की बात यह है कि आरोपियों ने भारी-भरकम सामान भी नहीं छोड़ा। डबल बेड और रजाइयां तक घर से गायब मिलीं। इतनी बड़ी मात्रा में घरेलू सामान का गायब होना इस बात की ओर इशारा करता है कि चोरों ने इस वारदात को अंजाम देने के लिए किसी बड़े वाहन का इस्तेमाल किया होगा।
पुलिस की जांच जारी
मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया और फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्धों और उस वाहन की पहचान की जा सके, जिसका इस्तेमाल चोरी के लिए किया गया। पुलिस ने जल्द ही चोरों को पकड़ने का आश्वासन दिया है।

