Kangra: भरे बाजार में दिनदहाड़े चोरी, शातिर ने ऐसे दिया वारदात को अंजाम...CCTV में कैद हुई हाथ की सफाई
punjabkesari.in Wednesday, Mar 11, 2026 - 08:17 PM (IST)
नूरपुर (रघुनाथ): प्रसिद्ध व्यापारिक कस्बा जसूर की व्यस्त साईं मार्कीट में दिनदहाड़े चोरी की एक वारदात ने व्यापारियों और आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। यहां दोपहर के समय चोर ने बेहद शातिराना अंदाज में एक बाइक पर हाथ साफ कर दिया। चोर इतनी सफाई से बाइक ले उड़ा कि सामने दुकानों में मौजूद लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पीड़ित बाइक मालिक मनीष चौधरी ने बताया कि वह अपनी स्प्लैंडर बाइक (HP 72C-3369) को साईं मार्कीट में खड़ी कर लघुशंका (बाथरूम) के लिए गया था। मुश्किल से 5 मिनट बाद ही जब वह वापस आया, तो वहां खड़ी उसकी बाइक गायब थी। पहले तो उसने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बाइक का कोई पता नहीं चला। जब सामने की दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया गया, तो चोर की करतूत सामने आई। फुटेज में देखा गया कि चोर ने पूरे इत्मीनान और शातिराना अंदाज में पहले इधर-उधर देखा। मौका पाकर उसने झट से बाइक का हैंडल लॉक खोला, किक मारकर बाइक स्टार्ट की और रफूचक्कर हो गया।
घटना के तुरंत बाद मनीष ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि नूरपुर पुलिस ने अभी पिछले दिनों ही एक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया था और पूछताछ के बाद चोरी की कई बाइकें बरामद की थीं। इसके बावजूद चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं।
दिनदहाड़े भरे बाजार से बाइक चोरी की इस घटना से व्यापारियों और स्थानीय लोगों में हड़कंप का माहौल है। लोगों का कहना है कि जसूर जैसे व्यस्त बाजार में, जहां हर वक्त भीड़ रहती है, इस तरह की वारदात होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है और चोर की तलाश जारी है।

