Kangra: 9 लाख के गहने चोरी मामले में 3 आरोपी जमानत पर रिहा
punjabkesari.in Monday, Aug 10, 2026 - 09:55 PM (IST)
बैजनाथ (बावा): पंचरुखी के भुआणा में कथित तौर पर हुए करीब 9 लाख रुपए के गहने चोरी मामले में गिरफ्तार किए गए 3 आरोपी जमानत पर रिहा हो गए हैं। 4 अगस्त को सामने आए इस मामले में पंचरुखी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार आरोपियों की निशानदेही पर पपरोला के खूह बाजार में एक बाहरी राज्य के व्यक्ति के पास से करीब 20 ग्राम सोना और 10 ग्राम चांदी बरामद की गई थी। बताया गया कि चोरी के गहनों को भट्टी में गलाकर सोना-चांदी अलग किया गया था। पुलिस को न्यायालय से आरोपियों का पहले 3 दिन का पुलिस रिमांड मिला था। उसके बाद 8 अगस्त को उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां दलीलें सुनने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
अब तीनों आरोपी जमानत पर रिहा हो चुके हैं। मामले में एक महत्वपूर्ण तथ्य यह भी सामने आया है कि चोरी का आरोप लगाने वाला व्यक्ति अभी तक कथित चोरी हुए गहनों से संबंधित कोई रसीद या बिल पुलिस के समक्ष पेश नहीं कर पाया है। जांच के दौरान यह बात भी सामने आई कि आरोपी कथित तौर पर श्मशानघाट की राख से सोना निकालने का काम करते थे। फिलहाल मामला न्यायालय के विचाराधीन है और पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों व बरामदगी को लेकर आगामी कार्रवाई कर रही है। मामले की आगे की जांच और न्यायालयीन प्रक्रिया पर लोगों की नजरें टिकी हैं।

