Kangra News: शराब ठेके से नकदी चोरी मामले का पर्दाफाश, दर्जनों मुकद्दमों वाले 2 कुख्यात अपराधी राजौरी से गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Aug 08, 2026 - 11:31 PM (IST)

धर्मशाला (ब्यूरो): कांगड़ा जिले के गग्गल पुलिस थाना की टीम ने गग्गल चौक स्थित शराब के ठेके से हुई नकदी चोरी के मामले का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले से जुड़े एक अंतर्राज्यीय गिरोह के दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई रकम में से 35 हजार रुपए भी बरामद कर लिए गए हैं।

जानकारी के अनुसार इसी साल 4 जुलाई को गग्गल चौक पर स्थित शराब के ठेके से अज्ञात चोरों ने 74,820 रुपए की नकदी उड़ा ली थी। इस संबंध में थाना गग्गल में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों को बारीकी से परखा। इसी जांच के दौरान पुलिस वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन (जेके 11एच-7366) की पहचान करने में सफल रही।

वाहन की पहचान होने के बाद गग्गल पुलिस की एक टीम ने 18 जुलाई को जम्मू-कश्मीर के राजौरी में दबिश दी और वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी को अपने कब्जे में लेकर गग्गल ले आई। जब पुलिस ने गाड़ी के दस्तावेजों की गहनता से जांच की, तो उसमें उक्त दोनों आरोपियों की जानकारी सामने आ गई, जिसके सहारे पुलिस इन शातिरों तक पहुंचने में कामयाब रही।

जांच में आरोपियों की पहचान कबीर मोहम्मद और रियाज अहमद (निवासी जिला राजौरी, जम्मू-कश्मीर) के रूप में हुई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि ये दोनों कोई मामूली चोर नहीं, बल्कि कुख्यात अपराधियों की श्रेणी में आते हैं। इन दोनों के खिलाफ पहले से ही कई दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं। इन्हें सबसे पहले राजौरी जिले के थाना मंडी की पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद गग्गल थाना की टीम ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए 7 अगस्त को इन्हें इस मामले में गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी और 35 हजार रुपए की बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें 3 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से सख्ती से पूछताछ करेगी कि कहीं जिला कांगड़ा में पहले हुई अन्य चोरियों में भी उनकी संलिप्तता तो नहीं है। इसके साथ ही वारदात वाले सभी स्थानों पर ले जाकर उनकी शिनाख्त भी करवाई जाएगी। एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कड़ी पूछताछ जारी है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News