Kangra: पटवारी के 645 पद भरने का प्रस्ताव चयन आयोग को भेजा : नेगी

punjabkesari.in Wednesday, Dec 03, 2025 - 06:35 PM (IST)

तपोवन (धर्मशाला) (जिनेश): राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने सदन में कहा कि प्रदेश में पटवारियों के बहुत पद रिक्त चले हैं। पूर्व की भाजपा सरकार ने पटवारियों की भर्तियां ही नहीं कीं। इस कारण काम भी प्रभावित हो रहा है। भाजपा विधायक इंद्रदत्त लखनपाल के सवाल का जवाब देते हुए मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि मंत्रिमंडल की बैठक में पटवारी के 645 पद भरने को मंजूरी दी गई है। भर्तियां करने के लिए आयोग को प्रस्ताव भेज दिया है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान की कांग्रेस सरकार ने राजस्व विभाग में कई सुधार किए हैं। इसके तहत भूमि राजस्व अधिनियम को बदला गया है। निशानदेही की समय सीमा तय की गई है, निर्धारित समय पर यह काम नहीं होने पर कार्रवाई करने का भी प्रावधान किया गया है। नेगी ने कहा कि प्रदेश में राजस्व अदालतें लगाई जा रही हैं। बीते समय के दौरान लाखों इंतकाल हो चुके हैं।

उन्होंने कहा कि बंदोबस्त में जरूर कुछ समय लग रहा है, इसे बढ़ाने के लिए मॉडर्न टूल्स इस्तेमाल करने का फैसला लिया है। रोबोट की भी मदद ली जाएगी। उन्होंने कहा कि देश में पटवारी के 628 पद रिक्त हैं। सेवानिवृत्त हो चुके काबिल लोगों की भी सेवाएं ली जा रही हैं। उन्होंने विधायक से आग्रह किया कि भ्रष्टाचार करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की जानकारी उपलब्ध करवाई जाए, उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें हटाया भी जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News