Kangra: ज्वाली अस्पताल में अब ECG और अल्ट्रासाऊंड की चुकानी होगी ये कीमत

punjabkesari.in Wednesday, Feb 25, 2026 - 04:26 PM (IST)

ज्वाली/नगरोटा सूरियां (नंदपुरी) : कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने बुधवार को सिविल अस्पताल ज्वाली में रोगी कल्याण समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में वित्त वर्ष 2024-2025 के बजट को अनुमोदित किया गया तथा वित्त वर्ष 2025-2026 के प्रस्तावित बजट को भी सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। इस अवसर पर कृषि एवं पशुपालन मंत्री चंद्र कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा वर्तमान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी अप्रैल माह से मरीज पर्ची पर 10 रुपए, ईसीजी जांच पर 50 रुपए तथा अल्ट्रासाऊंड जांच पर 200 रुपए यूजर चार्ज निर्धारित किया जाएगा। यह निर्णय अस्पताल की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से लिया गया है।

उन्होंने अस्पताल में विद्युत जैनरेटर स्थापित करने की मांग को भी स्वीकार करते हुए शीघ्र इसे पूरा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि ज्वाली सिविल अस्पताल में भी लगभग सभी विशेषज्ञ डाक्टर तैनात किए जा चुके हैं। प्रो. चंद्र कुमार ने बताया कि सिविल अस्पताल ज्वाली में 6.42 करोड़ रुपए की लागत से 50 बिस्तरों के अतिरिक्त ब्लॉक का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इस नए ब्लॉक में सभी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। बैठक में एसडीएम नरेंद्र जरियाल, बीएमओ डा. अमन दुआ, एसएमओ डा. आशुतोष, बीडीओ मनोज शर्मा सहित अन्य चिकित्सक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News