वर्दी नहीं दे सकते तो इस्तीफा दें भारद्वाज : वीरभद्र

punjabkesari.in Monday, Dec 10, 2018 - 10:15 PM (IST)

तपोवन (धर्मशाला) (सौरभ): पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार यदि प्रदेश के सरकारी स्कूलों के साढ़े 7 लाख बच्चों को नि:शुल्क वर्दी नहीं दे सकती तो शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज को इस्तीफा दे देना चाहिए। विस परिसर में पत्रकारों से बातचीत में वीरभद्र सिंह ने कहा कि उनकी सरकार ने अपने कार्यकाल में प्रदेश के स्कूली बच्चों को वर्दी के साथ उसकी सिलाई का खर्च भी देने का इंतजाम किया था लेकिन भाजपा सरकार 11 माह बीतने पर भी स्कूली बच्चों को वर्दी नहीं दे पाई है। भाजपा सरकार ने तो स्कूली बच्चों को बैग और स्टील की बोतल भी देने की बात कही थी लेकिन इन घोषणाओं का अभी तक कोई पता नहीं है। वीरभद्र सिंह ने कहा कि सरकार संसदीय परंपराओं के अनुरूप कार्य नहीं कर रही है। विपक्ष की बात को सुना नहीं जा रहा है। कांग्रेस जनहित के मसले सदन में उठाना चाहती थी लेकिन सरकार ऐसा नहीं चाहती। सरकार के इसी रवैये के विरोध में कांग्रेस को वाकआऊट करने पर मजबूर होना पड़ा। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार की एक साल में कोई भी उपलब्धि नहीं रही है। सरकार हर मोर्चे पर नाकाम रही है। प्रदेश में विकास नहीं हो रहा है। प्रदेश मेंं कानून व्यवस्था का बुरा हाल है। भ्रष्टाचार और बंदरबांट जोरों पर है। प्रदेश में बनने वाले नैशनल हाईवे का कोई पता नहीं है। सड़कों का बुरा हाल है। ऐसे में सरकार अपनी किस बात का जश्न मनाने जा रही है। भाजपा सरकार को इन सब बातों का जवाब देना ही होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Kuldeep

Recommended News

Related News