Kangra: स्कूल शिक्षा बोर्ड ने घोषित किया 12वीं कक्षा की अनुपूरक परीक्षा का परिणाम, जानें कितने प्रतिशत छात्र हुए पास
punjabkesari.in Friday, Aug 21, 2026 - 09:22 PM (IST)
धर्मशाला (सुनील): हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित कक्षा 12वीं की अनुपूरक परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक इस परीक्षा में कुल 3271 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 1931 छात्र उत्तीर्ण रहे। कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 59.07 रहा, जबकि 1123 परीक्षार्थी कंपार्टमैंट श्रेणी में आए हैं और केवल 2 परीक्षार्थी अनुत्तीर्ण घोषित किए गए। यह परीक्षा कंपार्टमैंट, प्रदर्शन सुधार, अतिरिक्त विषय और डिप्लोमाधारक अभ्यर्थियों के लिए आयोजित की गई थी। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने नतीजे जारी करते हुए सफल रहे विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बोर्ड अध्यक्ष ने सफल छात्रों को आगे की पढ़ाई पूरे आत्मविश्वास से करने की सलाह दी, वहीं कंपार्टमैंट आए विद्यार्थियों को हताश न होकर आगामी अवसर के लिए अधिक मेहनत करने का आह्वान किया।
अंक सुधार के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा
परीक्षार्थी अपना परिणाम हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वैबसाइट पर चैक कर सकते हैं। छात्रों की सहूलियत के लिए प्रमाण-पत्रों की प्रतियां डिजी लॉकर पर भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा जो परीक्षार्थी अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, वे अपने विद्यालय के माध्यम से बोर्ड की वैबसाइट पर ऑनलाइन पुनर्मूल्यांकन व पुनः जांच के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए पुनर्मूल्यांकन शुल्क 1000 रुपए प्रति विषय और पुनः जांच शुल्क 800 रुपए प्रति विषय तय किया गया है। आवेदन की अंतिम तिथि 4 सितम्बर 2026 रखी गई है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि केवल ऑनलाइन माध्यम से और निर्धारित शुल्क के साथ प्राप्त आवेदनों पर ही विचार किया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

