Mandi: पार्टी के दिशा-निर्देशों की अवहेलना नहीं होगी सहन : प्रतिभा
punjabkesari.in Friday, Mar 21, 2025 - 10:59 PM (IST)

सुंदरनगर (सोनी): प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने पार्टी के सभी नेताओं से कार्यकर्त्ताओं की समस्याओं को दूर करने व सरकार में उनके कार्य करवाने को कहा है। शुक्रवार को सुंदरनगर में कार्यकर्त्ताओं की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्त्ताओं को ऐसा नहीं लगाना चाहिए कि उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। जल्द ही जिला व ब्लॉक कार्यकारिणी का गठन होगा और संगठन में जिसे जो भी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी उस पर उन्हें खरा उतरना होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के दिशा-निर्देशों की अवहेलना सहन नहीं होगी। प्रतिभा सिंह ने कहा कि इस बार संगठन में युवाओं की सैकेंड लाइन भी तैयार की जाएगी, ताकि उन्हें भी पार्टी के कार्यों का पूरा अनुभव मिल सके।
प्रतिभा सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह को याद करते हुए कहा कि उन्होंने प्रदेश के विकास में बहुत बड़ी भूमिका निभाई है जिसके चलते आज भी प्रदेश में उन्हें बड़े भाव से याद किया जाता है। उन्होंने मंडी की भाजपा सांसद पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें मंडी संसदीय क्षेत्र की कोई चिंता नहीं है। उनके पास लोगों से मिलने तक का समय नहीं है। प्रतिभा सिंह ने सेवादल को भी आश्वस्त किया कि उनके मान-सम्मान में भी कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। बैठक में पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर, चेत राम ठाकुर, नरेश चौहान व महेश राज भी मौजूद थे।