हिमाचल के लाखों कर्मचारियों के लिए ऐतिहासिक होगा लोहड़ी का दिन, सुक्खू सरकार देगी OPS का तोहफा

punjabkesari.in Thursday, Jan 12, 2023 - 06:38 PM (IST)

शिमला (राक्टा): हिमाचल के लाखों कर्मचारियों के लिए शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक होने वाला है। राज्य की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार की 13 जनवरी यानि लोहड़ी पर्व के दिन प्रस्तावित पहली कैबिनेट में एनपीएस कर्मचारियों को पुरानी पैंशन का तोहफा मिलेगा। वीरवार को राज्य सचिवालय में हिमाचल प्रदेश सचिवालय कर्मचारी संघ द्वारा मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में दोहराया कि कर्मचारियों का स्वाभिमान लौटाने और सामाजिक सुरक्षा देने के लिए कैबिनेट में ओपीएस पर फैसला लिया जाएगा। सीएम ने कहा कि पुरानी पैंशन के पैसों का भी इंतजाम कर दिया जाएगा। इसे किस तरीके से दिया जाएगा, इस बारे में कर्मचारी प्रतिनिधियों के साथ बैठकर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार ने प्रदेश को 75 हजार करोड़ के कर्ज में दबा दिया लेकिन कर्मचारियों को 5 हजार करोड़ के एरियर तक नहीं दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य की आर्थिकी को दोबारा पटरी पर लाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में राज्य सरकार को डीजल पर वैट में 3.01 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि के लिए मजबूर होना पड़ा।

कर्मचारियों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध बनाएगी सरकार
सीएम ने कहा कि सरकार राज्य के कर्मचारियों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध बनाएगी तथा कर्मचारियों की सभी मांगों और सुझावों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा। संघ के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह बॉबी ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए उन्हें कर्मचारियों की विभिन्न मांगों एवं मुद्दों से अवगत करवाया। उन्होंने सीएम को राज्य सरकार की नीतियों एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में कर्मचारियों की ओर से पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन भी दिया। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी, भोरंज के विधायक सुरेश कुमार, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा तथा संघ के विभिन्न पदाधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

80 में गाय तो 100 रुपए में खरीदा जाएगा भैंस का दूध
सीएम ने कहा कि सरकार आगामी 5 वर्षों में ग्रामीण आर्थिकी को सुदृढ़ करने पर अपना विशेष ध्यान केंद्रित करेगी क्योंकि प्रदेश की 90 प्रतिशत से अधिक आबादी ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करती है। सरकार किसानों की आर्थिकी को दृढ़ता प्रदान करने के दृष्टिगत दुग्ध उत्पादकों से प्रतिदिन 10 लीटर दूध की खरीद करेगी, जिसमें गाय का दूध 80 रुपए प्रति लीटर तथा भैंस का दूध 100 रुपए प्रति लीटर की दर से क्रय किया जाएगा।

कैबिनेट बैठक में मौजूद नहीं रहेंगे विक्रमादित्य सिंह
शुक्रवार को होने वाली कैबिनेट बैठक में मंत्री विक्रमादित्य सिंह मौजूद नहीं रहेंगे। विक्रमादित्य सिंह ने वीरवार को जानकारी देते हुए कहा कि वह नई दिल्ली में हैं और 13 जनवरी को पारिवारिक विवाह समारोह में भाग लेने के लिए जयपुर राजस्थान जा रहे हैं, ऐसे में वह कैबिनेट बैठक में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने जानकारी दी कि इस संबंध में मुख्यमंत्री को भी अवगत करवा दिया गया है। इसके साथ ही वीरवार को विक्रमादित्य सिंह ने दिल्ली में पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला से मुलाकात की। इस दौरान कांगे्रस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी मौजूद रहीं। विक्रमादित्य सिंह ने मंत्री बनाए जाने पर अन्य पार्टी नेताओं का भी आभार जताया।

कर्मचारियों को नाम लेकर पुकारा, बोले-मेरा बचपन जानते हैं
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कई कर्मचारियों के नाम लिए और बोले कि ये सभी मेरा बचपन जानते हैं। उन्होंने अपनी पुरानी यादों को भी ताजा किया। सीएम ने कहा कि उन्होंने शिमला में लोक निर्माण विभाग में सुपरवाइजर के रूप में काम किया है तब सवा 6 रुपए दिहाड़ी मिलती थी और 180 रुपए के आसपास महीने के बनते थे और उसके बाद सभी लड़के सिनेमा जाते थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने एमसी में पेयजल शिकायत निवारण कक्ष में भी काम किया। संजौली कालेज में सीआर रहे, फिर युवा कांग्रेस के अध्यक्ष बने और एमसी शिमला के पार्षद भी रहे। 2017 में विधायक बने और 40 साल बाद मुख्यमंत्री बने हैं। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News