Hamirpur: भरेटा में महिला शक्ति का जनसमुद्र और मंच से जयराम ठाकुर का सियासी प्रहार
punjabkesari.in Sunday, Nov 09, 2025 - 11:17 PM (IST)
सुजानपुर (अश्वनी): सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की सराहकड़ पंचायत के भरेटा गांव में रविवार का दिन महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण रहा। सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट द्वारा आयोजित महिला सम्मान समारोह में रंग-बिरंगे परिधानों में सजी, लोकगीत गाती हुई महिलाओं की टोलियों का उत्साह देखने लायक था। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने समाज सेवा के लिए ट्रस्ट के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की, वहीं मौजूदा सरकार पर तीर चलाने से भी पीछे नहीं हटे। समारोह में बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा, सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा, भोरंज की पूर्व विधायक कमलेश कुमारी, नादौन के पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री तथा प्रदेश भाजपा सचिव वंदना योगी सहित अनेक गण्यमान्य लोग मौजूद रहे। नारी सम्मेलन समारोह में 40 के करीब महिलाओं व मेधावियों को सम्मानित किया गया।
25 साल की नि:स्वार्थ सेवा : अब यह पौधा वट वृक्ष बन चुका है : जयराम
जयराम ठाकुर ने भाषण में याद किया कि 18 साल पहले भी वे इसी संस्था के कार्यक्रम में आए थे। आज 25 साल के बाद संस्था के कार्यों को देखकर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्था ने पीड़ित मानवता की सेवा में एक इतिहास बनाया है। खुद उनके विधानसभा क्षेत्र सिराज में भी प्राकृतिक आपदा के समय संस्था के संस्थापक राजेंद्र राणा, संस्था के अध्यक्ष अभिषेक राणा और संस्था के पदाधिकारी राहत सामग्री लेकर पहुंचे थे। प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर संस्था द्वारा नि:शुल्क मैगा मैडीकल कैंप लगाकर देश के नामी डॉक्टरों की सेवाएं जनता को मुहैया करवाई गई हैं। जयराम ने कहा कि समाज सेवा करने वाला व्यक्ति चुनाव जीते या हारे, यह मायने नहीं रखता। असल में लोग दिल तभी जीतते हैं, जब बिना थके, बिना रुके मानव सेवा की जाती है। राजेंद्र राणा ने इस ट्रस्ट का जो पौधा लगाया था, उसकी खुशबू आज पूरे प्रदेश में फैली है।
और फिर मंच से चलीं सियासी चोटें
जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन की बात तो खूब की, लेकिन काम किया सिर्फ संस्थान बंद करने का। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में 2000 से अधिक संस्थान बंद कर दिए गए। हमीरपुर मैडीकल कॉलेज के लिए जमीन, शिलान्यास, 300 करोड़ की बिल्डिंग बनवाने का श्रेय उनकी सरकार का है, पर वर्तमान सरकार इसका उद्घाटन नहीं कर पाई। वर्तमान मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में मिनी सचिवालय का निर्माण भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुआ लेकिन मुख्यमंत्री ने अपनी उपलब्धि दर्शाने के लिए यहां एक अपने नाम का फट्टा भी लगवा लिया। उन्होंने यह भी कहा कि किसी मुख्यमंत्री को बदले की राजनीति नहीं करनी चाहिए। मैं 28 साल से विधायक हूं, लेकिन इस तरह के प्रतिशोध की राजनीति मैंने कभी नहीं देखी। यहां तो अपने ही विधायकों और पूर्व विधायकों तथा उनके परिजनों पर केस दर्ज करवाए जा रहे हैं।
फिर राष्ट्रीय कैनवास : मोदी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र
जयराम ठाकुर ने मोदी सरकार की कार्यशैली की तारीफ भी जमकर की। उन्होंने कहा कि भारत की साख दुनिया में बढ़ी है। धारा 370 समाप्त करना, प्रभु राम मंदिर निर्माण, कोविड संकट में स्वदेशी वैक्सीन उपलब्ध करवाना, महिला आरक्षण विधेयक पास करवाना, यह सब ऐतिहासिक उपलब्धियां हैं।
महिलाओं की आवाज में जोश और जयराम की आवाज में तेवर
भरेटा का कार्यक्रम आज सिर्फ सम्मान का समारोह नहीं था। यह एक मैसेज भी था कि महिला शक्ति मैदान में है और भाजपा पूरे राजनीतिक पैमाने पर फिर से नैरेटिव सैट करना चाहती है। मंच पर महिलाएं सम्मानित हो रही थीं और मंच से सियासत की तलवार भी झिलमिला रही थी। भरेटा के इस समारोह में “सम्मान” और “सियासत” दोनों की धड़कनें तेज थीं।
मित्रों पर खजाना लुटाने वाली सरकार : आशीष
हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा ने भी सुक्खू सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह सरकार विकास को विराम लगाने वाली सरकार है और मित्रों पर खजाना लुटाने वाली सरकार है। आशीष शर्मा ने कहा कि प्रतिशोध की राजनीति ज्यादा दिन नहीं टिकती, क्योंकि जनता सब देख रही है। जनता भाजपा के कामों का फर्क जमीन पर होते विकास से समझती है।
जनविश्वास की कसौटी पर सिर्फ भाजपा : लखनपाल
बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि कांग्रेस का हाथ छोड़कर उन्होंने जयराम ठाकुर का हाथ इसलिए थामा, क्योंकि उन्हें समझ आ गया कि यह सरकार जनता से किए एक भी वायदे पर खरी नहीं उतर रही। उन्होंने कहा कि सिर्फ भाजपा ही जनता के विश्वास की असली कसौटी पर खरा उतरती है।
झूठ बोलने का मैडल कांग्रेस दे दे : राणा
सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट के संस्थापक राजेंद्र राणा ने भी सरकार को कटघरे में रखते हुए तीखे सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि देश के इतिहास में सुक्खू पहले ऐसे मुख्यमंत्री कहलाए जाएंगे, जो झूठ बोलने के सरताज हैं। कांग्रेस पार्टी को चाहिए कि उन्हें इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए मैडल दे। उन्होंने पेखुवेला सोलर प्रोजैक्ट सहित अनेक प्रोजैक्ट्स में गड़बड़ियों का आरोप लगाया और पूछा कि करोड़ों रुपए की रकम आखिर किसने डकार ली? राणा ने कहा कि सरकार अढ़ाई साल में ही 40,000 करोड़ से ज्यादा कर्ज चढ़ा चुकी है।
सामाजिक कार्यों का सिलसिला जारी रहेगा : अभिषेक राणा
ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक राणा ने कहा कि पूर्व जयराम ठाकुर सरकार की हिमकेयर योजना बंद करने से गरीब व्यक्ति का उपचार कठिन हो गया है। उनकी संस्था ने स्वास्थ्य पर सबसे ज्यादा फोकस किया है, दूरस्थ क्षेत्रों में मुफ्त मैडीकल कैंप लगाकर विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं उपलब्ध करवाई हैं। उन्होंने नारी सम्मेलन समारोह के दौरान एक बड़ा खुलासा किया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के साथ मिलकर संस्था वैक्सीनेशन का एक प्रोजैक्ट ला रही है, जिसकी प्रक्रिया अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का कारवां सेवा भाव के साथ इसी तरह आगे भी चलता रहेगा।
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मैडल हासिल करने वाली उटपुर गांव की मनीषा कुमारी ने कहा कि इस सम्मान के हकदार सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट के संस्थापक राजेंद्र राणा एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक राणा हैं, जिन्होंने खेल प्रतिस्पर्धा में हिस्सा लेने के लिए मेरा समय-समय पर हौसला बढ़ाने के साथ-साथ मेरी नि:स्वार्थ भाव से सहायता की है, जिसके लिए वह राजिंद्र राणा व अभिषेक राणा की आभारी रहेंगी।
टपरे पंचायत की पूर्व प्रधान एवं सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट महिला विंग की अध्यक्ष रजनीश चौहान ने बताया कि ट्रस्ट बीते 25 वर्षों से नि:स्वार्थ भाव से लोगों की सहायता कर रहा है, गरीब कन्याओं की शादी के अलावा नि:शुल्क मैडीकल कैंप तथा क्षेत्र के महिला मंडलों के उत्थान के लिए प्रोत्साहित कर रहा है, जिसके लिए क्षेत्र की नारी शक्ति हमेशा अग्रणी रहेगी। योगा वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर निधि डोगरा ने कहा कि सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट द्वारा उन्हें सम्मान समारोह में बुलाया गया, जिसमें उन्हें सम्मानित किया गया, इसके लिए वह राजेंद्र राणा व अभिषेक राणा का आभार प्रकट करती हैं।
बड़सर विधानसभा क्षेत्र के घरयाणी गांव की कबड्डी नैशनल गोल्ड मैडलिस्ट साक्षी शर्मा ने कहा कि अभिषेक राणा ने नारी सम्मान समारोह में उन्हें इस उपलब्धि के लिए मोमैंटो देकर सम्मानित किया, जिसके लिए भी सदा उनकी आभारी रहेंगी। इसी क्षेत्र के महारल गांव की रितिका शर्मा को रैसलिंग प्रतियोगिता में 5वां रैंक हासिल करने पर सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक राणा ने उन्हें समारोह में मोमैंटो देकर सम्मानित किया।
नैशनल स्तर की बास्केटबाल प्रतियोगिता में प्रतिभागी के तौर पर सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के कोट पंचायत की शगुन चौहान व पटनौण पंचायत की अंकिता ने हिस्सा लिया, जिन्हें अभिषेक राणा ने सम्मेलन में मोमैंटो देकर सम्मानित किया।

