प्रतिभा सिंह ने साधा निशाना,कहा-सत्ता गंवाने के बाद भाजपा नेता खो रहे अपना मानसिक संतुलन

punjabkesari.in Thursday, Jan 19, 2023 - 08:05 PM (IST)

शिमला (भूपिन्द्र): प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने विपक्षी दल भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सत्ता गंवाने के बाद भाजपा के नेता अपना मानसिक संतुलन खोते जा रहे हैं। उन्होंने विपक्षी दल के नेताओं पर कांग्रेस सरकार के खिलाफ बेतुकी बयानबाजी करने का आरोप लगाया तथा कहा कि अभी कांग्रेस सरकार को बने मात्र एक माह ही हुआ है तथा भाजपा नेता बहुत ही जल्दी में हैं, जैसे सरकार को बने 4 साल हो चुके हैं। उन्होंने भाजपा नेताओं से संयम रखने की अपील की तथा कहा कि कांग्रेस सरकार चरणबद्ध तरीके से अपने सभी वायदों को पूरा करेगी। पूर्व की भाजपा सरकार की तरह नहीं करेगी, जिसे अपने चुनावी वायदों की याद 4 वर्ष गुजर जाने के बाद आई। 

कांग्रेस पूरी करेगी गारंटियां, भाजपा को चिंता नहीं करनी चाहिए
प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने कर्मचारियों की ओल्ड पैंशन बहाल कर अपनी पहली गारंटी पूरी कर दी है। कांग्रेस सरकार अन्य गारंटियों को भी चरणबद्ध तरीके से पूरा करेगी, इसकी भाजपा को कोई चिंता नहीं करनी चाहिए। प्रतिभा सिंह ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित सभी कैबिनेट मंत्रियों की सराहना करते हुए कहा कि नवगठित मंत्रिमंडल के सभी सदस्य जिस प्रकार से अपने-अपने विभागों की अधिकारियों से फीडबैक ले रहे हैं, उससे साफ है कि कांग्रेस सरकार लोगों की आकांक्षाओं पर खरा उतरने में कोई कोर-कसर बाकी नहीं रखेगी। 

देश अब बदलाव की राह पर 
प्रतिभा सिंह ने कहा कि देश अब बदलाव की राह पर चल पड़ा है तथा इसकी शुरूआत प्रदेश से हो चुकी है। हिमाचल के बाद अब अन्य राज्यों में भी कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि इंदौरा में पार्टी कार्यकत्र्ताओं ने जिस गर्मजोशी से भारत जोड़ो यात्रा में शिरकत की, वह अपने आप में एक मिसाल है। प्रदेश में इस यात्रा के दूरगामी परिणाम मिलेंगे और अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों में कांग्रेस भाजपा को चारों खाने चित्त करेगी। उन्होंने यात्रा में शामिल होने के लिए लोगों, पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News