Himachal: बिहार में NDA की जीत पर प्रदेश भाजपा ने मनाया जश्न, कांग्रेस बोली-हमारा वोट प्रतिशत बढ़ा

punjabkesari.in Friday, Nov 14, 2025 - 07:17 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): बिहार के विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की जीत पर प्रदेश में प्रमुख विपक्षी दल भाजपा गद्गद् है, जबकि सत्तारूढ़ कांग्रेस का कहना है कि इसमें पार्टी का वोट प्रतिशत बढ़ा है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला में पत्रकारों की तरफ से पूछे गए प्रश्न के उत्तर में कहा कि पार्टी हाईकमान अंतिम चुनाव नतीजे आने के बाद इसकी समीक्षा करेगा। कांग्रेस ने बिहार में सहयोगी के रूप में 60 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिसमें पार्टी का वोट प्रतिशत बढ़ा है।

जिलाधीश कार्यालय के बाहर मनाया जीत का जश्न
उधर, विपक्षी भाजपा ने जिलाधीश कार्यालय शिमला के बाहर जीत का जश्न मनाया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने इस अवसर पर आरोप लगाया कि बिहार विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री भी प्रचार के लिए गए थे, जहां पर हिमाचल प्रदेश की झूठी गारंटियों की हवा निकली है। उन्होंने कहा कि इन चुनाव नतीजों से बहुत कुछ स्पष्ट हो गया है कि लोग अब कांग्रेस और महागठबंधन के झूठे प्रपंच और छलावे में आने वाली नहीं हैं। इस चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति को प्रो-इनकंबैंसी की नई परिभाषा दी है कि 20 वर्ष बाद भी जनता इतना बढ़ा जनादेश सत्तारूढ़ दल को दे सकती है। यह भाजपा गठबंधन के पारदर्शी और जनकल्याणकारी गवर्नैंस मॉडल की जीत है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को बधाई दी।

PunjabKesari

बिहार में मोदी-नीतीश की जीत ने बदला विकास का मॉडल : राजीव बिंदल
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने इस जीत को मोदी-नीतीश की जीत बताया है, जिन्होंने बिहार में विकास के मॉडल को बदल दिया। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने हिमाचल प्रदेश की झूठी गारंटियों के मॉडल को पूरी तरह से धराशायी किया है। इसके बाद अब हिमाचल प्रदेश की जनता प्रदेश में चुनाव का इंतजार कर रही है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस सबसे नीचे की पार्टी बनकर रह गई है। इतने बड़े चुनाव अभियान में वोट चोरी का नाम लेकर पूरे देश को बरगलाने का प्रयास किया गया। देश की जनता ने कांग्रेस के इस झूठे प्रपंच को भी सिरे से खारिज कर दिया है और वह 5 सीटों के ऊपर सिमटकर रह गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News