हिमाचल कांग्रेस का ''वोट चोर-गद्दी छोड़'' अभियान पूरा, 1.35 लाख हस्ताक्षरों की रिपोर्ट हाईकमान को सौंपी
punjabkesari.in Wednesday, Nov 05, 2025 - 05:34 PM (IST)
शिमला (राक्टा): अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर हिमाचल में चलाए गए वोट चोर-गद्दी छोड़ अभियान की रिपोर्ट पार्टी हाईकमान को सौंप दी गई है। इसी कड़ी में बुधवार को राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने प्रदेश प्रभारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। इसमें हिमाचल कांग्रेस की प्रभारी रजनी पाटिल के साथ ही उपमुख्यमंत्री एवं वोट चोर-गद्दी छोड़ अभियान के प्रदेश संयोजक मुकेश अग्निहोत्री और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने भी भाग लिया। इस दौरान अभियान को लेकर पूरी जानकारी राष्ट्रीय महासचिव को दी गई। प्रदेश भर में अभियान के तहत 1 लाख हस्ताक्षर करवाने का लक्ष्य पूरा निर्धारित किया गया था।
हस्ताक्षर की स्क्रूटनी के बाद सामने आया आंकड़ा
अभियान से जुड़े नेताओं का दावा है कि प्रदेश में अभियान को मिले जनसमर्थन के चलते 1.35 लाख हस्ताक्षर करवाए गए। हर हस्ताक्षर की स्क्रूटनी के बाद यह आंकड़ा सामने आया है। पार्टी ने हर विधानसभा क्षेत्र से 1500 हस्ताक्षर करवाने का टारगेट तय किया गया था, जिसे लगभग पूरा किया गया। वोट चोर-गद्दी छोड़ हस्ताक्षर अभियान को लेकर पार्टी ने एक प्रोफॉर्मा जारी किया है। हस्ताक्षर करने वाले के मोबाइल नंबर का उल्लेख करना भी प्रोफार्मा में अनिवार्य किया गया है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि फर्जी हस्ताक्षर न हों। इसके लिए पार्टी नेता हरिकृष्ण हिमराल को जिम्मेदारी दी गई है। शिमला में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पहला हस्ताक्षर कर अभियान की शुरूआत की थी। पार्टी के अग्रणी संगठनों ने भी अभियान को गति देने में अहम रोल अदा किया।
टॉप पर रहा ऊना, सिरमौर में भी बेहतर काम
प्रदेश में चलाए गए अभियान के तहत ऊना जिला टॉप पर रहा। विधायक विवेक शर्मा को ऊना जिला का पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया था। जिला में 12500 से अधिक हस्ताक्षर करवाए। अपने विस क्षेत्र से पर्यवेक्षक विवेक शर्मा ने करीब 5 हजार फार्म भरवाए। इसी तरह जिला सिरमौर में 10 हजार से अधिक हस्ताक्षर करवाए गए। विधायक अजय सोलंकी को जिला का पर्यवेक्षक नियुक्त लगाया गया था।
निगरानी को बनाया गया था कंट्रोल रूम
अभियान की निगरानी के लिए पार्टी ने कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया था। हिमुडा के उपाध्यक्ष एवं प्रदेश कांग्रेस के पूर्व महासचिव यशवंत छाजटा को इसका इंचार्ज बनाया गया है। इसी तरह हस्ताक्षर में डुप्लीकेसी न हो उसके लिए हरिकृष्ण हिमराल को जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
डिप्टी सीएम की देखरेख में चलाया गया अभियान
प्रदेश में वोट चोर-गद्दी छोड़ अभियान उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की देखरेख में चलाया गया। पार्टी हाईकमान ने उन्हें अभियान का प्रदेश संयोजक नियुक्त किया है। इसके साथ ही पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं विधायक कुलदीप सिंह राठौर को सह संयोजक और 2 मंत्रियों सहित 10 विधायकों को जिलावार पर्यवेक्षक का जिम्मा सौंपा है।

