कृषि-बागवानी में नौणी वि.वि. देश में 17वें स्थान पर, 5 पायदान का सुधार

punjabkesari.in Monday, Jun 05, 2023 - 09:50 PM (IST)

सोलन (ब्यूरो): डा. यशवंत सिंह परमार उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी ने देश में कृषि, उद्यानिकी विश्वविद्यालयों और संस्थानों की राष्ट्रीय रैंकिंग में 5 स्थान का सुधार कर 17वां स्थान हासिल किया है। विश्वविद्यालय ने भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा जारी नैशनल इंस्टीच्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (एन.आई.आर.एफ.) 2023 रैंकिंग में 17वां स्थान हासिल किया है जो वर्ष 2022 के लिए आई.सी.ए.आर. द्वारा जारी की गई कृषि विश्वविद्यालयों की रैंकिंग में 5 स्थानों का सुधार है।

विश्वविद्यालय ने एन.आई.आर.एफ. की कृषि और संबद्ध क्षेत्रों की नव निर्मित श्रेणी में यह स्थान हासिल किया है। इस वर्ष, 152 विश्वविद्यालयों और अनुसंधान संस्थानों व 3 केंद्रीय वित्त पोषित संस्थानों/विश्वविद्यालयों ने कृषि और संबद्ध श्रेणी में भाग लिया। इससे पहले पिछले कुछ सालों से कृषि विश्वविद्यालयों को एन.आई.आर.एफ. रैंकिंग में रैंक नहीं किया जा रहा था। इसके अतिरिक्त, नौणी विश्वविद्यालय को देश के विश्वविद्यालयों की 101-151 स्थानों वाली श्रेणी में भी स्थान हासिल करने में भी कामयाबी मिली है। समग्र श्रेणी में, जिसमें 2478 संस्थानों और 94 केंद्रीय वित्त पोषित संस्थानों/विश्वविद्यालयों ने भाग लिया, में भी नौणी वि.वि. को देश के 151-200 श्रेणी में जगह मिली है।

केंद्रीय शिक्षा और विदेश राज्य मंत्री डा. राजकुमार रंजन सिंह ने आज एन.आई.आर.एफ. रैंकिंग 2023 जारी की। एन.आई.आर.एफ. ने 13 श्रेणियों के तहत भारत रैंकिंग 2023 जारी की। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफैसर राजेश्वर सिंह चंदेल ने कहा कि विश्वविद्यालय के लिए रैंकिंग बहुत उत्साहजनक है क्योंकि हमने पिछले साल की आई.सी.ए.आर. की कृषि संस्थानों की रैंकिंग में 22वें रैंक में 5 स्थान का सुधार किया और 17वां स्थान हासिल किया है। इसका श्रेय विश्वविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्रों को जाता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Recommended News

Related News