लाहौल की चंद्रा घाटी में बर्फीला तूफान, दारचा में हिमस्खलन

punjabkesari.in Tuesday, Jan 11, 2022 - 10:08 PM (IST)

मनाली (ब्यूरो): लाहौल में भारी हिमपात के बाद बर्फीले तूफान ने चंद्रा घाटी के लोगों सहित बीआरओ की दिक्कतें बढ़ा दी हैं। बीआरओ दिन-रात सड़क बहाली में जुटा है लेकिन बर्फीला तूफान राह रोक रहा है। बीआरओ 94 आरसीसी की टीम ने उदयपुर को जिला मुख्यालय केलांग से जोड़ दिया है, जिससे पट्टन घाटी के दर्जनों गांवों को राहत मिल गई है। बीआरओ की 70 आरसीसी मनाली को केलांग से जोड़ने में जुटी हुई है। मंगलवार को हालांकि मौसम साफ रहा तथा दिनभर धूप खिली रही लेकिन चंद्रा घाटी में बर्फीला तूफान आने से बर्फ उड़कर सड़क में आ गई, जिससे सड़क बहाली भी प्रभावित हुई है। डीजीआरई ने पहले ही हिमस्खलन की चेतावनी दी है, जिसके बाद लाहौल-स्पीति व कुल्लू प्रशासन सतर्क है। कुल्लू की ओर नेहरू कुंड से लेकर अटल टनल के साऊथ पोर्टल तक हिमस्खलन का खतरा है, जबकि लाहौल के समस्त क्षेत्र में हिमस्खलन की संभावना बनी हुई है। दिन के समय दारचा में भारी हिमस्खलन हुआ है, जिससे कोई जानमाल का नुक्सान नहीं हुआ है। डीजीआरई की मानें तो भारी हिमपात से घाटी के सभी नालों में हिमस्खलन की संभावना बनी हुई है। 

बुधवार को मनाली से जुड़ जाएगा केलांग  

बीआरओ कमांडर कर्नल शबरिश वाचली ने बताया कि बर्फीले तूफान से सड़क बहाली प्रभावित हुई है लेकिन जवान दिन-रात बहाली में जुटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि उदयपुर से करगा, स्टिंगरी से कारगा जीरो प्वाइंट, शूलिंग से अटल टनल नॉर्थ पोर्टल और सोलंग नाला से धुंधी तक सड़क मार्ग बहाल है लेकिन शूलिंग से करगा जीरो प्वाइंट अभी बंद है। उन्होंने बताया कि बुधवार को जिला मुख्यालय केलांग मनाली से जुड़ जाएगा।
PunjabKesari, Freeze Water Image

लाहौल घाटी में पारा लुढ़का, नदी-नाले जमे

ताजा हिमपात के बाद जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में लुढ़के तापमान ने लोगों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं। जिले में सोमवार की रात सबसे ठंडी रही। केलांग में तापमान माइनस 21 डिग्री दर्ज हुआ जबकि अन्य हिस्सों में -25 डिग्री तक तापमान गिरा तो काजा में पारा माइनस 20 के पार लुढ़क गया है, जिससे घरों के नलों सहित नदी-नाले भी जम गए। सुबह जब लोग उठे तो नल जमे हुए देख परेशान हो गए। चंद्रा घाटी के सुमन, पंकज, कोकसर से निर्मला बोध, रतन व सुंदर ठाकुर ने बताया कि सोमवार की रात सबसे ठंडी रात महसूस की गई है। उन्होंने बताया कि बर्फबारी के बाद मौसम खुलने पर इस तरह की दिक्कत आती है। 

माइनस तापमान में विद्युत आपूर्ति सुचारू करने में जुटे कर्मी 

दूसरी ओर विद्युत विभाग के कर्मी विद्युत आपूर्ति सुचारू करने में जुटे हैं। लाहौल सहित मनाली घाटी के अधिकतर क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति सुचारू हो गई है। विभाग के कर्मी माइनस तापमान में काम कर रहे हैं। एसडीएम केलांग प्रिया नागटा ने बताया कि तापमान लुढ़कने से दिक्कत आई है, लेकिन धूप खिलने से दोपहर बाद सब सामान्य हो गया।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News