STF कुल्लू का एक और बड़ा एक्शन, HRTC बस में पकड़ी चिट्टे की खेप...पंजाब का तस्कर गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Apr 25, 2026 - 03:00 PM (IST)

कुल्लू (संजीव): हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कुल्लू पुलिस की स्पैशल टास्क फोर्स  ने एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। टीम ने मंडी जिले के बगला (फोरलेन) के समीप एक एचआरटीसी बस से पंजाब के एक तस्कर को 23 ग्राम चिट्टे के साथ धर दबोचा है।

जानकारी के अनुसार एसटीएफ कुल्लू की टीम को नशे की तस्करी को लेकर गुप्त सूचना मिली थी। इसी के आधार पर टीम ने बगला के पास नाकाबंदी की। इस दौरान कुल्लू की ओर से आ रही एचआरटीसी बस (HP 42-3331) को तलाशी के लिए रोका गया। चैकिंग के दौरान जब पुलिस ने बस की सीट नंबर-19 पर बैठे यात्री की तलाशी ली, तो उसके कब्जे से 23 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान रवि कुमार (40) पुत्र ज्ञान चंद, निवासी लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस थाना बल्ह (मंडी) में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएसअधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि आरोपी यह खेप कहां से लाया था और इसे किसे सप्लाई करना था। इस नैटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी सुराग जुटाए जा रहे हैं।

10 दिनों में 13 तस्कर भेजे सलाखों के पीछे
एसटीएफ कुल्लू के डीएसपी हेमराज वर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस का अभियान पूरी सख्ती से जारी है। डीएसपी ने आंकड़े सांझा करते हुए बताया कि पिछले मात्र 10 दिनों के भीतर एसटीएफ कुल्लू ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 9 मामले दर्ज किए हैं और कुल 13 नशा तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचाया है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News