साहब ! नलका तो आपने लगाया नहीं, ये 1703 रुपए का बिल क्यों फाड़ा ?

punjabkesari.in Wednesday, May 30, 2018 - 12:12 PM (IST)

ऊना (विशाल): आज के दौर में बिजली या पानी का बिल लाखों में आना तो आम बात हो गई है लेकिन यदि नल का कनैक्शन लगाया ही न हो और पानी का बिल आ जाए तो विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा हो जाता है। ऐसा ही कुछ हुआ है अम्ब क्षेत्र के बीजापुर निवासी बुजुर्ग महिला समस्या देवी के साथ। आई.पी.एच. द्वारा भेजा गया पानी का बिल अब आई.आर.डी.पी. परिवार से संबंधित समस्या देवी के लिए समस्या बन गया है। हालात इसलिए भी परेशानी भरे हैं कि समस्या देवी के घर में नल आज दिन तक लगा ही नहीं है।


समस्या देवी के पति स्व. बरकत राम ने लगभग 10 साल पहले पेयजल कनैक्शन के लिए अप्लाई किया था और उसके कुछ समय बाद तक कनैक्शन को अप्रूवल नहीं मिली तथा इसी बीच बरकत राम की मौत हो गई। वह अपनी अक्षम बेटी के साथ रहती है और खेतीबाड़ी से जीवनयापन करती है। इसी बीच उसे कुछ साल पहले भी आई.पी.एच. द्वारा बिल भेजा गया था जिसे उसने अज्ञानतावश चुकता कर दिया था। अब इस बार फिर लगभग 5 साल बाद आई.पी.एच. ने उसे 1703 रुपए का बिल थमा दिया है जिसके बाद समस्या देवी के समक्ष एक बार फिर परेशानी खड़ी हो गई है। 


सार्वजनिक नल से भरती है पानी
कुठियाड़ी के एक्स सर्विसमैन एवं समाजसेवी पूर्ण चंद ने बताया कि समस्या देवी के घर में कोई नल नहीं लगा है और वह सार्वजनिक नल से पानी भरती है लेकिन पानी के बिल उसे विभाग द्वारा दिए जा रहे हैं। समस्या देवी उनके पास बिल लेकर आई तब इस मामले का पटाक्षेप हुआ। आई.पी.एच. द्वारा नल कहां लगाया गया है और कब लगाया गया है इसकी जांच विभाग को करनी चाहिए और महिला की परेशानी हल करनी चाहिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ekta

Recommended News

Related News