नालटी पुल पर गोली कांड अनट्रेसेबल, अब कर्फ्यू के दौरान गोलीबारी

punjabkesari.in Monday, Dec 07, 2020 - 11:35 AM (IST)

पालमपुर (भृगु): नालटी पुल पर गोलीकांड अनट्रेसेबल रहा तो कर्फ्यू के दौरान अपराधियों द्वारा एक व्यक्ति पर गोली दागना अपने में ही सवाल खड़े कर रहा है। नालटी पुल पर हुए गोलीकांड की गुत्थी पुलिस सुलझा भी नहीं पाई कि लंबागांव के समीप घटे गोली कांड में कानून व्यवस्था को चुनौती दी है। 10 माह पूर्व नालटी पुल पर एक ठेके में गोलीबारी की घटना घटी थी। इस घटना में शराब के ठेके का सेलमैन घायल हो गया था। घटना के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए थे। इस मामले को लेकर पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास किया परंतु पुलिस के हत्थे कोई नहीं चढ़ पाया। इसी घटना के बाद एक वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने को लेकर भी इस घटना से जोड़कर देखा गया था परंतु पुलिस जांच में यह थ्यूरी भी सही नहीं पाई गई थी। ऐसे में मामले को लेकर पुलिस ने अनट्रेसेबल रिपोर्ट बनाकर न्यायालय को सौंप दी है। 4 फरवरी की रात्रि को यह घटनाक्रम घटा था। इस घटना के बाद अब लंबागांव के समीप अज्ञात हमलावर द्वारा टहलने निकले एक व्यक्ति पर गोली दागी गई है।

यह घटना उस समय घटी जब कोविड-19 के चलते रात को कर्फ्यू लगा होता है। बताया जा रहा है कि घटना लगभग साढ़े 9 बजे घटी जब कि इसकी रिपोर्ट पुलिस को 10 बजे के बाद दी गई बताई जा रही है। ऐसे में कर्फ्यू के दौरान बेखौफ अपराधी किस लिए घूम रहे थे। यह भी अपने आप में एक बड़ा प्रश्न बना हुआ है। इस घटना में जिस प्रकार से युवक पर स्प्रे किया गया उसके पश्चात उसे जबरन गाड़ी में डालने की बात कही जा रही है। लगता है कि संभवत आरोपी उक्त युवक को जानते थे या फिर किसी अन्य इरादे से उक्त युवक को अगवा करने का प्रयास कर रहे थे। उपमंडल पुलिस अधिकारी डॉ अमित शर्मा ने बताया कि 4 फरवरी को नालटी पुल पर हुए गोलीकांड को लेकर अनट्रेसेबल रिपोर्ट पुलिस द्वारा तैयार करी गई है। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट न्यायालय को सौंप दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Jinesh Kumar

Recommended News

Related News