सोमवार से करवट लेगा मौसम, मंगलवार व बुधवार को खूब बरसेंगे मेघ, 7 तक यैलो अलर्ट

punjabkesari.in Sunday, Jun 02, 2024 - 09:23 PM (IST)

शिमला (संतोष): प्रदेश में सोमवार से मौसम करवट लेगा और मंगलवार व बुधवार को सभी क्षेत्रों में खूब वर्षा होगी। प्रदेश में 7 जून तक मौसम खराब रहेगा और इस दौरान गरज के साथ बौछारें पड़ने और 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का यैलो अलर्ट जारी किया गया है। रविवार को अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट देखी गई, लेकिन बावजूद इसके ऊना, बिलासपुर, कांगड़ा, हमीरपुर, मंडी, सिरमौर व सोलन जिलों के कुछ क्षेत्रों में लू भी चली है। प्रदेश में हमीरपुर के नेरी में अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री रहा है, जबकि शनिवार को यहां पर अधिकतम तापमान 46.1 डिग्री रहा था। शिमला में अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री रहा, जबकि ऊना में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री रिकार्ड किया गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार सोमवार को कुछ इलाकों में वर्षा तो मैदानी इलाकों में हीट वेव का यैलो अलर्ट रहेगा। मैदानी इलाकों का मौसम साफ व शुष्क रहेगा, जबकि मध्य व उच्च पर्वतीय इलाकों में एक-दो स्थानों पर वर्षा होगी और लू चलने के साथ गरज के साथ बौछारें और 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावनाएं हैं। मंगलवार व बुधवार को सभी क्षेत्रों में वर्षा होने की संभावना है, जिससे गर्मी झेल रहे लोगों को राहत मिलने की संभावनाएं हैं।

सभी हाईवे दुरुस्त, सिर्फ 6 सड़कें ही बंद
इस वर्ष बर्फबारी व भारी बारिश के बाद से बंद पड़े प्रदेश के एन.एच. अब दुरुस्त बना दिए गए हैं। प्रदेश में अब कोई भी नैशनल हाईवे बंद नहीं है, अपितु सिर्फ 6 सड़कें ही बंद चल रही हैं। इसमें लाहौल-स्पीति के स्पीति उपमंडल के तहत 2 सड़के ग्रांफू से लोस और दारचा से शिकुंला मार्ग बर्फबारी के कारण बंद हैं। चम्बा जिला के भरमौर व पांगी उपमंडलों में 2 सड़कें चंबा-होली भूस्खलन और चम्बा-पांगी वाया साच बंद है। कांगड़ा जिला के इंदौरा उपमंडल के तहत पिछले वर्ष भारी बरसात के कारण पुल ढहने से एक मार्ग बंद पड़ा है, जिस पर इसी माह पुल निर्माण मुकम्मल हो जाएगा। कुल्लू जिला के बंजार उपमंडल में नगलारी-सारची मार्ग बंद है। कुल्लू जिला में लगघाटी में 20, वशिष्ठ में 1 व गाड़ागुशैणी में 1 बिजली ट्रांसफार्मर ठप्प चल रहा है। अन्य जिलों में हालात पूरी तरह से सामान्य हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News