Weather Update: जनजातीय इलाकों में शून्य पहुंचा तापमान, मैदानी इलाके पहाड़ों से ज्यादा सर्द

punjabkesari.in Sunday, Nov 16, 2025 - 06:37 PM (IST)

शिमला (संतोष): राज्य के जनजातीय इलाके अब भीषण शीतलहर की जकड़ में आ गए हैं। लाहौल-स्पीति में ताबो, समधो, कुकुमसेरी और केलांग में रविवार को तापमान माइनस में दर्ज किया गया, जिससे ऊपरी पर्वतीय इलाकों में सर्दी तेजी से बढ़ गई है। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में सबसे अधिक ठंड महसूस की गई, जहां कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 4.7, केलांग में 2.5 डिग्री, ताबो में माइनस 2.2 डिग्री और समधो में माइनस 0.8 डिग्री दर्ज किया गया। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की ठंड से लेकर तीखी सर्द हवाएं चल रही हैं, हालांकि अभी तक कहीं भी बारिश या बर्फबारी नहीं हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार पूरे प्रदेश का न्यूनतम औसत तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री कम चल रहा है, जो दर्शाता है कि हिमाचल में ठंड का असर सामान्य से अधिक है। दिलचस्प बात यह है कि मैदानी और निचले क्षेत्रों की रातें इस समय शिमला से भी ज्यादा ठंडी हो गई हैं। हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, ऊना और मंडी जैसे जिले रात में राजधानी शिमला से अधिक ठंडे रहे हैं। आज शिमला का न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री रहा, जबकि ऊना में 8.0 डिग्री, बिलासपुर में 8.0 डिग्री, हमीरपुर में 6.2 डिग्री, मंडी में 6.6 डिग्री और कांगड़ा में 7.3 डिग्री दर्ज किया गया। मैदानी इलाकों की इन ठंडी रातों ने लोगों को स्वैटर और जैकेट निकालने पर मजबूर कर दिया है।

मनाली में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से थोड़ा कम है। पर्यटन नगरी में सुबह और शाम ठिठुरन महसूस की जा रही है। कुल्लू और मनाली आने वाले पर्यटकों को सुबह की सैर के दौरान जैकेट, दस्ताने और टोपी पहनने की सलाह दी जा रही है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी तापमान में गिरावट जारी है। सुंदरनगर में आज 4.7 डिग्री, भुंतर में 3.1 डिग्री, सोलन में 3.2 डिग्री, पालमपुर में 5.0 डिग्री, मंडी में 6.6 डिग्री, बिलासपुर में 8.0 डिग्री, हमीरपुर में 6.2 डिग्री, कांगड़ा में 7.3 डिग्री, नाहन में 9.3 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 7.8 डिग्री, सराहन में 5.0 डिग्री, नारकंडा में 4.9 डिग्री, जबकि रिकांगपिओ में 4.6 डिग्री, भरमौर में 6.9 डिग्री, कसौली में 10.0 डिग्री, पांवटा साहिब में 11.0 डिग्री, नेरी में 11.4 डिग्री, बजौरा में 4.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

सामान्य से 87 फीसदी कम हुई बारिश, 22 तक साफ रहेगा मौसम
पूरे प्रदेश में पिछले कई दिनों से बारिश और बर्फबारी नहीं हुई है। नवम्बर महीने में राज्य में बारिश सामान्य से 87 फीसदी कम हुई है। इस अवधि के मध्य सामान्यता 9.5 मिलीमीटर वर्षा होती है, जबकि मात्र 1.2 मिलीमीटर ही वर्षा हुई है। यह साफ संकेत है कि फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और अगले कई दिन भी ऐसा ही रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक 22 नवम्बर तक हिमाचल में कहीं भी बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep