Shimla: मनाली से पालमपुर तक हुई बूंदाबांदी, मौसम विभाग के अनुसार मौसम के शुष्क रहने की संभावना
punjabkesari.in Saturday, Feb 28, 2026 - 07:09 PM (IST)
शिमला (संतोष): राज्य में साफ चल रहे मौसम के बीच में ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बूंदाबांदी अवश्य हुई है, लेकिन मध्य व मैदानी इलाकों में धूप खिलने के बाद तापमान में इजाफा होने लगा है। हालांकि अब तक 45 फीसदी कम वर्षा दर्ज की गई है, लेकिन मनाली से पालमपुर तक बूंदाबांदी अवश्य हुई, लेकिन ऊना में अधिकतम तापमान 30 डिग्री के पार चला गया है, जिससे अब गर्मी का अहसास होने लगा है। ऊना में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री रहा, जबकि राजधानी शिमला में 17.9 डिग्री रिकार्ड किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार समूचे सप्ताह मौसम के साफ व शुष्क रहने की संभावनाएं हैं, लेकिन 4 मार्च की रात्रि से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के आने की संभावनाएं हैं, लेकिन यह इतना असरदार नहीं होगा।
शनिवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश इलाकों में धूप खिली, जिससे तापमान में बढ़ौतरी दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान की बात करें तो जनजातीय इलाकों में एक-दो जगहों पर न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे माइनस में चला हुआ है। ताबो में माइनस 2.7, कुकुमसेरी में अब माइनस 1.7 डिग्री रहा है। कल्पा में 0.2, शिमला में 9, सुंदरनगर में 9.9, भुंतर में 7.2, धर्मशाला में 10.5, ऊना में 12.7, नाहन में 11.9, पालमपुर में 12, सोलन में 7.5, मनाली में 4.1, कांगड़ा में 11.7, मंडी में 10.1, बिलासपुर में 11, डल्हौजी में 9.2, सेओबाग में 5.7, बरठी में 11, पांवटा साहिब में 14, सराहन में 6.7, देहरा गोपीपुर में 12, नेरी में 13 डिग्री रिकार्ड किया गया है।

