Weather Update: हिमाचल में मानसून पकड़ेगा रफ्तार, 6 जिलों के लिए रहेगा ऑरैंज अलर्ट

punjabkesari.in Saturday, Jul 25, 2026 - 06:39 PM (IST)

शिमला (संतोष): हिमाचल में एक बार फिर मानसून का प्रकोप बढ़ने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आगामी दिनों 28 से 30 जुलाई के दौरान राज्य के 6 प्रमुख जिलों हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला, सोलन और सिरमौर में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरैंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर और किन्नौर जिलों में भूस्खलन तथा अचानक बाढ़ का गंभीर जोखिम जताया है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश दर्ज की गई, जिसमें धर्मशाला में सर्वाधिक 80.5 और पालमपुर में 62 मिलीमीटर बारिश हुई। शनिवार को राज्य के बरठीं में सर्वाधिक 18.5, सुंदरनगर व सैंज में 18-18, मशोबरा में 17 तथा शिमला में 13.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

नेरी 32.1 डिग्री तापमान के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जबकि ऊना में अधिकतम तापमान 31.8 और शिमला में 22.2 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड किया गया। लगातार हो रही बारिश से राज्य में जनजीवन प्रभावित हुआ है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार भूस्खलन के कारण प्रदेश में करीब 100 सड़कें बंद हैं, जबकि 50 बिजली ट्रांसफार्मर और 120 पेयजल योजनाएं भी बाधित हुई हैं। प्रशासन ने स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को जल निकायों से दूर रहने व खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की हिदायत दी है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News