Weather Update: ऑरैंज अलर्ट के बीच आफत की बारिश, 6 दिन तक खराब रहेगा मौसम

punjabkesari.in Thursday, Jun 04, 2026 - 10:05 PM (IST)

शिमला (संतोष): राज्य में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होते ही मौसम ने करवट बदल ली है। मौसम में आए इस बड़े बदलाव का असर प्रदेश की ऊंची पर्वत शृंखलाओं पर भी दिखा, जहां हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है। राज्य के कई हिस्सों में जारी ऑरैंज अलर्ट के बीच गुरुवार को भारी बारिश, अंधड़ का दौर देखने को मिला। राजधानी शिमला में दोपहर बाद अचानक घने बादल छा गए और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश के साथ ओलावृष्टि होने से जहां ठंडक का दौर लौट आया, वहीं सड़कें भी तालाब बन गईं।

इसके साथ ही शिमला के ऊपरी क्षेत्रों में हुई ओलावृष्टि ने सेब और अन्य गुठलीदार फलों की फसलों को भारी नुक्सान पहुंचाया है। मौसम केंद्र शिमला के अनुसार राजधानी में सबसे अधिक 32.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिससे अधिकतम तापमान गिरकर 25.5 डिग्री रह गया। इसके अलावा सुंदरनगर में 19.6, कुफरी में 13, सोलन में 6, मनाली में 4 और भुंतर में 1 मि.मी. बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे इन क्षेत्रों में मौसम कूल-कूल हो गया है। प्रदेश में आज सबसे अधिकतम तापमान नेरी में 38.6 और ऊना में 37.4 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार ऊना और मंडी जिलों में गुरुवार को हीट वेव का प्रकोप भी देखा गया।

5 जून को शिमला, कुल्लू, मंडी और सिरमौर जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज आंधी चलने और ओलावृष्टि का ऑरैंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं चम्बा, कांगड़ा और सोलन में यैलो अलर्ट रहेगा। 6 जून को चम्बा, कांगड़ा और कुल्लू में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी, बारिश और बिजली कड़कने का यैलो अलर्ट रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 7 से 10 जून तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब बना रहेगा, हालांकि इस अवधि के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने खराब मौसम को देखते हुए आम जनता और पर्यटकों से एहतियात बरतने की अपील की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News